बाराबंकी : महादेवा महोत्सव बना सोशल मीडिया सेंसेशन, अक्षरा-समर सिंह के शो ने बढ़ाई धूम
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। इस बार का महादेवा महोत्सव केवल मैदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर भी लगातार ट्रेंड करता रहा। महोत्सव के हर आकर्षण ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त पकड़ बनाई और हजारों रीलें व वीडियो वायरल हुए। सबसे ज्यादा चर्चा में रहे भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह और समर सिंह के स्टेज शो। उनके गीतों और लाइव परफॉर्मेंस की रीलों ने इंस्टाग्राम पर माहौल गर्माए रखा।
महादेवा के युवाओं ने कार्यक्रम की लाइटिंग, भीड़ और उत्साह को शानदार ढंग से रिकॉर्ड कर वायरल किया। इसके अलावा दंगल प्रतियोगिता, बड़े झूले, सर्कस, और खासकर 40 फीट की अमरनाथ गुफा सोशल मीडिया पर सबसे अलग आकर्षण बनी। गुफा के भीतर की रोशनी और बर्फ का अद्भुत दृश्य देखकर कई व्लॉगर्स ने यूट्यूब पर लाखों व्यूज बटोरे।
महोत्सव का मुख्य प्रवेश द्वार, रंगीन लाइटिंग, मंच की सजावट और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी इंस्टाग्राम पर खूब वायरल हुए। कई क्रिएटर्स ने ड्रोन से महोत्सव स्थल का विहंगम दृश्य साझा किया, जिसने पूरे परिसर की सुंदरता को और बढ़ा दिया। फेसबुक लाइव, इंस्टा स्टोरी और रील्स पर महोत्सव की थीम साउंड लगातार ट्रेंड करती रही। गोंडा, बलरामपुर पुर, लखनऊ और घाटमपुर से भी लोग रील बनाने पहुंचे।
सोशल मीडिया पर मिली इस जबरदस्त लोकप्रियता ने महादेवा महोत्सव की पहचान को नई ऊंचाई दी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशन में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय, चौकी इंचार्ज महादेवा अभिनन्दन पाण्डेय, बीडीओ जितेन्द्र कुमार और देवेंद्र सिंह सहित मेले से जुड़े सभी अधिकारियों के प्रयासों से मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
