अयोध्या में उमड़ा आस्था का सागर: ध्वजारोहण से पहले यज्ञशाला में गूंजे वैदिक मंत्र, आज होगी महाअनुष्ठान की पूर्णाहुति

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण महोत्सव का आयोजन चरम पर पहुंच गया है। परिसर में विधि विधान पूर्वक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे है। अनुष्ठान के चौथे दिन सोमवार को वैदिक पद्धति के मर्मज्ञ विद्वानों ने यज्ञशाला में पूर्ण वैदिक रीति से विभिन्न पूज्य देवताओं का आह्वान कर गणपति पूजन, पंचांग पूजन, षोडष मातृका पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद वास्तु पूजन, नवग्रह पूजन कर मंत्रोचारण से हवन कुंड में आहुति दी गई। मुख्य आचार्य चंद्रभान शर्मा, उपाचार्य रविंद्र पैठणे, आचार्य इंद्रदेव मिश्र व आचार्य पंकज कौशिक के द्वारा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। जिसके साथ परिसर स्थित अन्य देवी देवताओं के मंदिरो में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान की पूर्ण आहुति दी गई, मंगलवार को ध्वजारोहण के बाद अनुष्ठान की पूर्ण आहुति दी जाएगी।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष और धार्मिक समिति के अध्यक्ष गोविंद देवगिरी ने बताया कि 21 नवंबर से प्रारंभ हुए अनुष्ठान में पंचमी तिथि को सुबह विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। मंदिर के शिखर पर ध्वज की स्थापना होने के बाद यज्ञ आचार्य के द्वारा पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा।

ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के मुताबिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले आगंतुकों के लिए 1600 से अधिक कमरे बुक कराए गए थे सभी स्थानों पर लगभग अतिथियों के पहुंच चुके है। सुबह सभी अपने निर्धारित समय पर स्नान, दान, पूजन संपन्न करने के बाद अपने मोबाइल को निर्धारित स्थान पर जमा कर ही राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश करेंगे, इसके प्रवेश के लिए 8 बजे से 10 बजे के बीच प्रवेश दिए जाएंगे।

संबंधित समाचार