Ram Mandir Flag Hoisting: प्रधानमंत्री सुरक्षा को लेकर किया पूर्वाभ्यास... बंद रहा रामपथ, खाली कराया गया फुटपाथ
अयोध्या, अमृत विचार। सोमवार को प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व सुरक्षा को लेकर दो पूर्वाभ्यास किए गए। इसमें प्रधानमंत्री के काफिले के वाहनों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्कॉर्ट वाहन भी शामिल था। इसका नेतृत्व एसपीजी के अधिकारियों ने किया। यह काफिला साकेत महाविद्यालय पर बने हैलीपैड से निकला ओर क्रॉसिंग नंबर-तीन जगदगुरु आद्य शंकराचार्य मार्ग से राम मंदिर परिसर तक गया।
प्रधानमंत्री मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा साकेत महाविद्यालय आएंगे। वहां से रोड शो के जरिए राम मंदिर तक पहुंचेंगे। पूर्वाभ्यास में पूरे मार्ग की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और इमरजेंसी प्रोटोकॉल की जांच की गई। अयोध्या एयरपोर्ट से मंदिर तक का पूरा रूट फुलप्रूफ बनाया जा रहा है।
पूर्वाभ्यास के दौरान रामपथ को पूरी तरह बंद कर दिया गया। साकेत महाविद्यालय से राम मंदिर गेट तक फुटपाथ पर पुलिस, पीएसी व आरएएफ के जवानों की तैनाती रही।
19.png)
प्रवेश द्वार पर सुरक्षा सख्त, सिर्फ पैदल आने की अनुमति
प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व अयोध्या धाम के सभी प्रवेश द्वार पर भारी पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई। दोपहर तक सिर्फ स्थानीय लोगों का पहचान पत्र देखकर उनके दो पहिया वाहनों को ही अंदर आने दिया गया। करीब तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या पहुंचने पर रामपथ को एक बार फिर सील कर सुरक्षा का पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान रामपथ पर जुड़ने वाली गलियों को भी सील कर दिया, किसी को रामपथ पर आने जाने नहीं दिया गया। शाम छह बजे के बाद सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
23.png)
हाईवे पर डायवर्जन लागू, देर शाम से सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश सोमवार रात से ही प्रतिबंधित कर दिया गया। सोमवार शाम से अयोध्या धाम में सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। इसके लिए अयोध्या जिले की सीमा के साथ अंदर भी बैरियर लगाए गए हैं। अयोध्या-रायबरेली हाईवे मार्ग से अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहनों को हाईवे के कूरेभार तिराहे से सुल्तानपुर की ओर भेजा जा रहा है। रुदौली सर्किल क्षेत्र के भिटरिय-रामसनेही घाट से अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए सराय चौबे अंडरपास और असंद्रा के नई सड़क तिराहे पर भी बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जा रहा है। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे के अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा पर स्थित जमौली बॉर्डर और चौरे बाजार से भी बड़े वाहनों को अयोध्या की ओर नहीं आने दिया जा रहा है। इन बैरियरों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात किए गए हैं।
