लखीमपुर खीरी: तेज रफ्तार कार की टक्कर से दंपती की मौत
बाइस से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे दंपती
संसारपुर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे-730 पर सोमवार की शाम तेज रफ्तार ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। दोनों एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दंपति की मौत से गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।
थाना मैलानी क्षेत्र के गांव बोझिया निवासी महेश कुमार (45) पुत्र राम अवतार और उनकी पत्नी मंजू देवी (43) बाइक से कोतवाली गोला क्षेत्र स्थित एक मैरिज लॉन में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे थाना हैदराबाद क्षेत्र के छत्तीपुर और मुरादपुर के बीच पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही थाना हैदराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी गोला भेजा। वहां डॉक्टरों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। महेश कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों शव गांव लाए गए तो माहौल गमगीन हो गया। रिश्तेदार और ग्रामीण रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। अंतिम संस्कार मुक्तिधाम में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए
दो बेटों पर टूटा दुखों का पहाड़
दंपति की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में मातम छा गया। गांव में यह सूचना आग की तरह फैल गई। महेश कुमार के बेटे प्रशांत वर्मा और अंकुल वर्मा रो-रोकर बेहाल हो गए। दोनों के सिर से मां-बाप का साया हमेशा के लिए उठ गया। छोटे बेटे अंकुल ने फफकते हुए कहा कि मम्मी-पापा गिफ्ट और मिठाई लेकर शादी में जा रहे थे… लेकिन अब कभी वापस नहीं आएंगे। आगे हमारी पढ़ाई-लिखाई कैसे होगी? हमें कौन संभालेगा? उसकी चीख-पुकार सुनकर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
