बदायूं : सड़क हादसे में युवक की मौत, दो साथी घायल
दावत खाकर लौटते समय शहर के संतोख सिंह तिराहे के पास हुआ था हादसा
बदायूं, अमृत विचार। बारात में शामिल होकर वापस घर जा रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुलड़िया के वार्ड छह निवासी नितिन प्रताप सिंह (22) सोमवार शाम अपने दो साथी वार्ड नौ निवासी उवैस और वार्ड छह निवासी नीलेश के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाइक से गांव खुनक गए थे। दावत खाने के बाद देर रात बाइक से वापस लौट रहे थे। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में संतोख सिंह तिराहे के पास विपरीत दिशा से आए किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन नितिन प्रताप सिंह को कुचलता हुआ चला गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने नितिन प्रताप सिंह की मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
