कानपुर : 1044 भूखंडों को खरीदने के लिए बढ़ाया गया समय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। केडीए की विभिन्न योजनाओं में निकले आवासीय व व्यवसायिक 1044 भूखंडों को खरीदने की तिथि बढ़ गई है। केडीए की अलग-अलग योजनाओं में 580 भूखण्डों को ई-ऑक्शन के माध्यम से खरीदने की तारीख अब 9 दिसंबर तक हो गई है। 

इसी तरह शताब्दी नगर सेक्टर-3, जवाहरपुरम सेक्टर-1, 1ए एवं 4 योजना के 464 भूखंडो की लॉटरी के लिए निर्धारित की गई तारीख को भी 9 दिसंबर तक कर दिया गया है। इससे पहले यह सीमा 25 नवंबर तक ही थी। केडीए अधिकारियों के अनुसार आम जनमानस की ओर से लगातार डिमांड बढ़ रही थी जिसकी वजह से समय बढ़ाया गया है।

केडीए ने शताब्दी नगर और जवाहरपुरम योजना में 464 भूखंडों के लिए आवेदन मांगे थे। भूखंड को लॉटरी के माध्यम से लिया जा सकेगा। दोनों ही सेक्टर वाइज योजनाओं में 60 वर्गमीटर से लेकर 300 वर्गमीटर तक के भूखंड निकाले गए।

सबसे अधिक दाम शताब्दी नगर सेक्टर-3 के भूखंडों का है। 70 हजार रुपये की दर से प्रतिवर्ग मीटर जमीन खरीदी जा सकेगी। वहीं, सबसे कम 36900 रुपये प्रतिवर्ग मीटर जमीर जवाहरपुरम योजना में रखी गई है। लॉटरी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए शहरवासियों को 25 नवंबर तक भाग लेने के लिए समय दिया गया था, लेकिन अब इसे अब 9 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है।

 इसी तरह महावीर नगर विस्तार योजना में नर्सरी स्कूल, नर्सिंग होम, शताब्दी नगर योजना में पेट्रोल पंप, मंदाकिनी इन्क्लेव में नर्सिंग होम, पनकी भौसिंह में व्यवसायिक के साथ ही पनकी, कैटिल कॉलोनी, न्यू ट्रांसपोर्ट नगर, सुजातगंज, स्वर्णजयंती विहार, बर्रा-2, तात्याटोपे नगर, यूपीयूडीपी कारगिल पेट्रोल पंप के पास होटल, मिक्स यूज, ग्रुप हाससिंग भूखंडों को लेने के लिए ई-ऑक्शन की डेट 9 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। इससे पहले 25 नवंबर शाम 5 बजे तक ही ई-ऑक्शन में भाग लेने का समय था।

संबंधित समाचार