बाराबंकी : धान खरीदी ठप, किसानों में बढ़ी नाराजगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। विकासखंड रामनगर के छह धान क्रय केंद्रों में से तीन को छोड़कर बाकी केंद्रों पर धान की खरीदारी नाम मात्र की हो रही है। वहीं, रामनगर क्रय केंद्र पूरी तरह बंद पड़ा है और यहां आज तक खरीदारी शुरू नहीं हो पाई है। जिसके चलते किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। चंदनापुर स्थित बुढ़वल धान क्रय केंद्रों से धान की उठान नहीं हो रही है, जिससे केंद्रों में धान रखने के लिए जगह की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

जानकारी के अनुसार, चंदनापुर के दोनों बुढ़वल केंद्रों पर लगभग एक सैकड़ा किसानों से 4 हजार क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि 400 से अधिक किसानों का धान खरीद अभी होनी बाकी है। बिछलखा केंद्र पर खरीदारी चल रही है, लेकिन ग्राम लैन, शेखपुर और अलीपुर जैसे केंद्रों पर केवल नाम मात्र की खरीदारी हो रही है।

रामनगर केंद्र पर खरीदारी शुरू न होने से किसान अपने धान बेचने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चंदनापुर के धान क्रय केंद्र पर तैनात एसएमआई विभा गुप्ता ने बताया कि छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जा रही है और धान की खरीद काफी मात्रा में की जा रही है, लेकिन उठान न होने के कारण जगह की समस्या उत्पन्न हो गई है।

तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने कहा कि सभी केंद्रों की जांच की जाएगी। यदि कोई धान क्रय केंद्र बंद पाया जाता है तो उसे तुरंत संचालित करवा कर धान खरीद शुरू कराई जाएगी। इसके साथ ही धान उठान की समस्या को संबंधित अधिकारियों से बात करके जल्द हल किया जाएगा।

संबंधित समाचार