गोंडा : नेपाल से बुलाई गई थी डांसर, डांस पार्टी में बवाल, जमकर चले लाठी डंडे
संवाददाता, गोंडा, अमृत विचार : इटियाथोक के रानीपुर में डांस देखने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते-देखते मारपीट में बदल गया। डांस पार्टी में मौजूद लोगों के बीच लाठी-डंडे भी चले, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल विडियो के आधार पर बवाल करने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई में जुटी है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के रहने वाले राम वर्मा के घर बीते 23 नवंबर को मुंडन समारोह का कार्यक्रम था। इस मौके पर डांस के रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन था। नेपाल से डांसर को बुलाया गया था। इस डांस को देखने के लिए दूर दराज से लोग रानीपुर गांव पहुंचे थे। डांस देखने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गयी। देखते ही देखते लाठी डंडे निकल आए और मार पीट होने लगी।
मार- पीट और हंगामें के चलते अफरा तफरी मच गयी। हंगामें के बीच कार्यक्रम के आयोजकों ने डांसर को किसी तरह भीड़ से बाहर निकाला और उसे तत्काल नेपाल भेजा। इस हंगामे और मारपीट का विडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विडियो में कुछ युवक हाथ में डंडा लेकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस अभी वायरल विडियो के आधार पर हंगामा और मारपीट कर रहे युवकों को चिन्हित करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि बवाल करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जायेगी।
