संविधान दिवस पर बोले एडीजे : आपसी सुलह समझौते से निपटाएं छोटे मामले
संवाददाता, गोंडा, अमृत विचार : संविधान दिवस पर बुघवार को धानेपुर के दुल्हापुर बनकट गांव में संचालित बीपीए लघु माध्यमिक विद्यालय में न्याय विभाग की तरफ से विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को सर्व सुलभ न्याय के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ द्वितीय अपर जिला जज /सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दानिश हसनैन ने भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए किया। यहां पर स्कूल के प्रिंसिपल कमलेश कुमार शुक्ल व पूर्व प्रधान राजबहादुर सिंह की ओर से एडीजे का स्वागत किया गया और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
एडीजे ने कहा कि समाज के सभी लोगों को सर्व सुलभ न्याय मिल सके यही सरकार और कानून की मंशा है। इसको लेकर लोगों में जागरूकता लाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा अगर कोई कमजोर असहाय व्यक्ति विधिक सलाह के लिए अपने स्तर पर वकील नहीं रख सकता है तो ऐसे लोगों को मुफ्त में कानूनी सलाह के लिए सरकारी वकील मिल सकता है। एडीजे ने छोटे मोटे मामलों को आपसी सुलह समझौते से निपटाने पर जोर दिया ताकि समय और पैसे की बर्बादी न होने पाए।
विधिक सलाहकार अधिवक्ता बृजलाल तिवारी ने कहा कि यदि किसी को मुफ्त में विधिक सलाह और वकील चाहिए तो ऐसे लोग अपर जिला जज /सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पत्र लिखकर मांग कर सकते हैं।इस दौरान नायब तहसीलदार ने भी उपस्थित लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही तमाम जानकारियां दी। साथ ही एसआईआर फॉर्म भरने की अपील की। इस दौरान जिला प्रोबेशन विभाग, राजस्व विभाग से हल्का लेखपाल रवींद्र कुमार, विश्व दीपक शुक्ल, दिव्यांश शुक्ल, अजय सिंह, फूल सिंह, प्रधान प्रतिनिधि मंटू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे।
