Rampur: पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो आरोपी गिरफ्तार, तीन हुए फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। मंगलवार देर रात शाहबाद थाना पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दो गोकश घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि तीन आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस को मौके से गोवध करने के उपकरण, दो तमंचे, 4 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र के निर्देश पर अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उसी के चलते मंगलवार रात को शाहबाद पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गौवध में संलिप्त आरोपी टाटा मैजिक से आ रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस रामगंगा नदी के किनारे पहुंची तो बमनपुरी श्मशान घाट के सामने एक टाटा मैजिक आता दिखाई दिया। जिसे शाहबाद पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया तो पुलिस टीम को देख कर वाहन में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। थाना शाहबाद पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए दो गोकश पुलिस की पैर में गोली लगने से घायल हो गए।

तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठा कर जंगल में खेतों की ओर फरार हो गए। घटना स्थल से गिरफ्तार एचएस सुभान निवासी मोहल्ला नाला पार कस्बा व थाना शाहबाद, परवेज निवासी नई बस्ती थाना बिसौली जिला बदायूं बताया। दोनों के पास से दो तमंचे 4 जिंदा कारतूस, तमंचों की नाल में फंसा एक खोका कारतूस, पशु काटने के उपकरण जिनमें कुल्हाड़ी, चापड़ , छुरी, लकड़ी का गोल गुटका आदि, पशुओं के बांधने की रस्सी तथा करीब 100 काली पन्नी बरामद हुई। 

घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पूछताछ करने में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ 22 नवंबर को ग्राम ढकिया के पास गोवंशीय पशु का वध किया था। पुलिस फरार आरोपियों को तलाश रही है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि शाहबाद पुलिस से मुठभेड़ में दो गोकश घायल हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।

संबंधित समाचार