Bareilly : शहर में जाम और ट्रैफिक चालान का मुद्दा गूंजा...इन सड़कों पर ई-रिक्शा से व्यापारी परेशान
बरेली, अमृत विचार। जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। व्यापारियों ने तेज स्वर में कहा कि महादेव पुल के नीचे कोतवाली से कुतुबखाना तक अत्यधिक अतिक्रमण होने से जाम लगा रहता है। शिवाजी मार्ग पर आलम गिरी गंज में ई-रिक्शों से जाम की समस्या बनी है। व्यापारियों ने अधिकांश चौराहों पर यातायात पुलिस द्वारा गलत तरीके से अनधिकृत रूप से चालान काटे जाने का मामला जोर-शोर से उठाया।
अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक हुई। एडीएम सिटी ने एक-एक कर व्यापारियों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने बताया कि महादेव पुल के नीचे कोतवाली से कुतुबखाना तक अतिक्रमण है। इस पर नगर निगम को शीघ्र अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने बताया कि सुभाष नगर थाने के पीछे कूड़ा घर स्थापित है। इस कारण वहां से लोगों का निकल पाना संभव नहीं है। नगर निगम को साफ-सफाई कर कूड़ा घर कहीं और स्थापित करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने शिवाजी मार्ग आलम गिरी गंज में ई रिक्शा से जाम की समस्या बताई। जिस पर पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देश दिए कि उस सड़क को वन-वे कराएं, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो। चौराहों पर गलत तरीके से चालान काटे जाने का मामला उठाए जाने पर अपर जिलाधिकारी नगर ने सुधार के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने बताया कि मोती पार्क स्थित नगर निगम ने अपनी जमीन पर दोपहिया व चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए स्टैंड बनाया है, लेकिन उक्त पार्किंग स्टैंड के गेट के पास दोनों ओर ठेले व खोखे खड़े रहते हैं। इस कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई। नगर निगम को निरीक्षण कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जल निगम की हर घर जल योजना के अंतर्गत पाइप लाइन डालकर सड़क को खोदा छोड़ने और उससे दुर्घटना की संभावना जताते हुए निराकरण कर मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को शीघ्र सड़कें सही कराने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने बताया कि हार्टमन फ्लाईओवर के निकट बड़ा नाला है, जो एक दबंग व्यक्ति की बाउंड्री के अंदर है। कई वर्षों से नाले की साफ-सफाई नहीं हुई है? इस पर नगर निगम को नाले का निरीक्षण कर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। बैठक में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर मंत्री राम गोपाल खट्टर, जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल राजकुमार अग्रवाल सर्राफा, महामंत्री प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल सुरेश अग्रवाल, अध्यक्ष रोहिलखंड उद्योग व्यापार मंडल राजकुमार मेहरोत्रा, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि के अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे।
