UP News: 17 जिलों में 50 प्रतिशत पूरा हुआ SIR के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इन जिलों में औरैया, अम्बेडकरनगर, चित्रकूट, बाराबंकी, पीलीभीत, सहारनपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, बस्ती, रामपुर, चंदौली, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बरेली, आजमगढ़, फिरोजाबाद और एटा शामिल है जहां 50 प्रतिशत से अधिक डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, अब तक प्रदेश में 7.34 करोड़ (लगभग 48 प्रतिशत) मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि राज्य में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य तेज गति से प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि प्राप्त हो चुके गणना प्रपत्रों का बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा निरंतर डिजिटाइजेशन किया जा रहा है। सभी मतदाताओं से अपील है कि वह जितनी जल्दी हो सके अपना गणना प्रपत्र भरकर नवीनतम पासपोर्ट आकार की फोटो चस्पाकर अपने बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

काम में तेजी लाने को एनजीओ की भी लें मदद

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन बूथों पर प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां बीएलओ को प्रोत्साहित करते हुए अतिरिक्त दक्ष कार्मिकों की तैनाती की जाए। शहरी क्षेत्रों में गणना प्रपत्र संग्रह में तेजी लाने के लिए भौगोलिक रुप से भिज्ञ एनसीसी, एनएसएस, स्वंयसेवी सस्थाओं तथा नगरीय निकायों के कार्मिकों का भी सहयोग लिया जाए।

संबंधित समाचार