छह जनपदों में EPFO का 'निधि आपके निकट 2.0' का सफल आयोजन... पहुंचे सैकड़ों हितधारक
शिकायत निस्तारण, केवाईसी अद्यतन, पेंशन समाधान और योजनाओं की जानकारी के लिए सैकड़ों हितधारक
लखनऊ, अमृत विचारः कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ की ओर से निधि आपके निकट 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर खीरी समेत छह जनपदों में व्यापक पीएफ सेवा शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य क्षेत्र के पीएफ सदस्यों, पेंशनरों और नियोक्ताओं की शिकायतों का स्थल पर ही निस्तारण करना तथा सेवाओं को सीधे हितधारकों तक पहुंचाना रहा।
हरदोई के संडीला स्थित बालाजी वेफर्स परिसर में आयोजित विशेष शिविर में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम अश्विनी कुमार गुप्ता ने उपस्थित होकर प्राप्त शिकायतों की सुनवाई की और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियोक्ताओं को इम्प्लाईस इनरोलमेंट कैंपियन (ईईसी-2025) और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के प्रमुख प्रावधानों की सरल और विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि निधि आपके निकट 2.0 का मुख्य उद्देश्य हितधारकों को कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि ईपीएफओ सेवाएं सीधे उनके जनपद में उपलब्ध हों। सीतापुर जिले के शिविर में जोनल ऑब्जर्वर प्रतीश सिंह भी उपस्थित रहे।
