Airtel ने खोला लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए नौकरी का पिटारा, 4.5 लाख का होगा एनुअल पैकेज
लखनऊ, अमृत विचार : एयरटेल ने लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल से संपर्क कर एमबीए छात्रों के लिए टेरिटरी सेल्स मैनेजर (एग्जीक्यूटिव ट्रेनी) पद हेतु प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराया है। कंपनी ने विस्तृत जॉब विवरण और भर्ती संबंधी जानकारी साझा की है, जिसके अनुसार चयनित छात्रों को प्रारंभ में तीन माह की इंटर्नशिप दी जाएगी, जो प्रदर्शन के आधार पर आगे फुल टाइम भूमिका में परिवर्तित हो सकती है।
इंटर्नशिप अवधि में छात्रों को 25,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें बिक्री संचालन, बाजार विश्लेषण, चैनल पार्टनर्स प्रबंधन और फील्ड गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इंटर्नशिप के बाद फुल टाइम पद पर चयनित उम्मीदवारों को 4.5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्रदान किया जाएगा, जिसमें फिक्स्ड और वैरिएबल दोनों घटक शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त मोबाइल, ब्रॉडबैंड और डीटीएच सेवाओं पर 4,000 रुपये मासिक तक के लाभ, साथ ही यात्रा एवं भोजन भत्ता भी दिया जाएगा।
