पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल का निधन, 81 वर्ष के दिग्गज कांग्रेस नेता को पड़ा दिल का दौरा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार देर शाम दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। 

कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री जायसवाल 1989 में कांग्रेस से कानपुर के महापौर बने थे। तब सभासद मेयर का चुनाव करते थे। 1999, 2004, 2009 में वे कांग्रेस से कानपुर के सांसद रहे। 2014 के लोकसभा के चुनाव में भाजपा के डॉ. मुरली मनोहर जोशी से वे हार गए थे। 2019 में उन्हें भाजपा के सत्यदेव पचौरी ने हराया था।

4 दिसंबर 2000 को सलमान खुर्शीद के स्थान पर उन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वे 2002 तक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहे। मई 2004 में मनमोहन सिंह सरकार में उन्हें केंद्रीय गृहराज्य मंत्री बनाया गया था। 2009 में उन्हें कोयला राज्यमंत्री का पदभार दिया गया। 2014 तक वे इस पद पर रहे। इधर उन्होंने पिछले तीन वर्षों से स्वास्थ्य कारणों से राजनीति से दूरी बना रखी थी।

शुक्रवार की शाम अचानक उनकी तबियत खराब हुई तो परिजन पहले भार्गव नर्सिंग होम ले गए, जहां से उनको हृदय रोग संस्थान के लिए रिफर कर दिया गया। हृदय रोग संस्थान में रात 7.50 बजे डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हृदय रोग संस्थान के निदेशक डॉ राकेश वर्मा ने बताया कि उन्हें जब अस्पताल लाया गया तब उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

संबंधित समाचार