बदायूं: कहासुनी में मारा भाला, इलाज के दौरान घायल की हुई मौत
विजय नगला, अमृत विचार। कहासुनी के दौरान युवक को भाला मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना बिनावर क्षेत्र के गांव कोहनी जाफराबाद निवासी महेंद्र वीर ने बताया कि 8 अगस्त की रात लगभग 9 बजे उनके चाचा चंद्रपाल पुत्र निरंजन घर पर थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस में रहने वाले लालाराम, रक्षपाल, ओमवीर, मुन्ना लाल आए और गाली-गलौज करने लगे। चंद्रपाल के विरोध करने पर वह लोग गुस्सा गए और मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक ने चंद्रपाल को भाला मारकर घायल कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख पुकार होने पर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। परिजनों ने घायल को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। परिजनों में चीत्कार मच गया। बिनावर के थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि घायल की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
