बरेली: सिविल एन्क्लेव से ‘एलाइंस एयर’ भरेगी उड़ान
बरेली,अमृत विचार। एयर इंडिया की सहायक कंपनी ‘एलाइंस एयर’ सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान भरेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एलाइंस एयर के उड़ान भरने को हरी झंडी दे दी है। एयर कंपनी चयन होने के बाद उड़ान जल्द शुरू होने की उम्मीदें बढ़ गयी हैं। जनवरी, 2021 में हवाई सेवाएं शुरू होने की …
बरेली,अमृत विचार। एयर इंडिया की सहायक कंपनी ‘एलाइंस एयर’ सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान भरेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एलाइंस एयर के उड़ान भरने को हरी झंडी दे दी है। एयर कंपनी चयन होने के बाद उड़ान जल्द शुरू होने की उम्मीदें बढ़ गयी हैं। जनवरी, 2021 में हवाई सेवाएं शुरू होने की चर्चा जोरशोर से चल रही है। बरेली-दिल्ली हवाई सेवा रूट पहले से तय है। बरेली से लखनऊ और प्रयागराज हवाई सेवा को मंजूरी मिलने की चर्चा भी जोरशोर से चल रही है।
इधर, बरेली एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि उड़ान की तारीख तय नहीं हुई, लेकिन उड़ान के लिए कंपनी तय हो गयी है। एलाइंस एयर हवाई सेवाएं शुरू करेंगी। बता दें कि एयरपोर्ट पर एक छोटा और एक बड़ा टर्मिनल बना है। बड़े टर्मिनल का कुछ हिस्सा बनने को शेष है। वैसे सुरक्षा के इंतजाम भी पूरे कर लिये गये हैं।
एलाइंस एयर कंपनी की टीम एयर टर्मिनल का कर चुकी है दौरा
एयर इंडिया की सहायक कंपनी एलायंस एयर की टीम ने कोविड काल में अनलॉक शुरू होने के बाद बरेली के एयर टर्मिनल का दौरा किया था। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को सकारात्मक रिपोर्ट सौंपी थी। एलायंस एयर के सेफ्टी मैनेजर, दो पायलट समेत अधिकारियों ने टर्मिनल का जायजा लिया था। इसके साथ ही त्रिशूल एयरबेस के अधिकारियों के साथ भी बैठक की थी। कुछ ग्रामीणों से भी विचार साझा किए थे। करीब पांच से छह घंटे के इस दौरे में अधिकारी बरेली के टर्मिनल से संतुष्ट होकर दिल्ली लौटे थे। एलाइंस एयर के सकारात्मक रुख से ऐसा लग रहा था कि उड़ान की जिम्मेदारी इसी कंपनी को मिलेगी।
अगस्त में दिल्ली-बरेली उड़ान का रूट हुआ था फाइनल
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय अगस्त माह में पूर्वोत्तर के कई राज्यों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए 78 रूटों पर अंतरजनपदीय विमान सेवा शुरू करने की अनुमति दे चुका है। इसमें बरेली समेत कानपुर, चित्रकूट, श्रावस्ती, मुरादाबाद, अलीगढ़ शामिल थे। केंद्र सरकार से जारी रूटों में चित्रकूट से प्रयागराज, चित्रकूट से वाराणसी, श्रावस्ती से वाराणसी और श्रावस्ती से प्रयागराज के रूट के अलावा बरेली से दिल्ली की उड़ान भी शामिल की थी।
टर्बो और जेट कंपनी को नहीं मिला मौका
बरेली एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिये सबसे पहले जेट एयरवेज लगी थी। लेकिन वर्ष 2019 में जेट एयरवेज दिवालिया घोषित हो गयी। जबकि जेट एयरवेज ने हवाई सेवाएं शुरू करने की अनुमति तक ले ली थी। दिवालिया घोषित होने के बाद जेट का करार रद हो गया। इसके बाद टर्बो एविएशन से उड़ान शुरू कराने को लेकर लखनऊ में समझौता हुआ था। लेकिन टर्बो 72 सीटर विमान समय पर नहीं खरीद पाया। विमान आने में हुई देरी से मामला फंसता चला गया। इस बीच कोविड काल में भी कई दिक्कतें हुईं। बहरहाल, टर्बो को भी मौका नहीं मिल सका।
