Bareilly: BLO की ब्रेन हेमरेज से मौत...आईटीआई केंद्र पर कर रहे थे SIR का काम
बरेली, अमृत विचार। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लगे एक और बीएलओ की मौत हो गई। ब्रेम हेमरेज के बाद बीएलओ ने दम तोड़ दिया। कथित रूप से बीएलओ काम के दबाव से परेशान थे। गणना प्रपत्रों की फीडिंग के दौरान उन्हें काफी दिक्कतें आ रही थीं।
इज्जतनगर के रहने वाले 50 वर्षीय अजय अग्रवाल एमबी इंटर कॉलेज में व्यवसायिक शिक्षक के तौर पर तैनात थे। एसआईआर ( विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य के लिए उनकी ड्यूटी आईटीआई केंद्र पर लगाई गई थी। सोमवार की शाम अचानक उनकी तबियत बिगड़ी लिहाजा परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन अजय ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अजय कई दिन से अपने काम को लेकर परेशान थे। सोमवार शाम को जब उनकी तबियत बिगड़ी तो वह गणना प्रपत्र भरने को लेकर दिक्कत की बात कर रहे थे।
उधर मौत के बाद परिजनों में भी आक्रोश फैल गया। किसी अधिकारी के नहीं आने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात पर अड़ गए। प्रशासनिक अधिकारी इज्जतनगर स्थित उनके आवास देर रात पहुंचे और परिजनों को मदद का भरोसा दिलाया। बता दें कि सप्ताह भर के अंदर बीएलओ की मौत का ये दूसरा मामला है।
