प्रयागराज : पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अपना दल के पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहू की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति फतेहपुर में अपना दल का जिला उपाध्यक्ष है। दोनों की एक महीने पहले शादी हुई थी। मायके वाले पहुंचे तो विवाहिता का शव एम्बुलेंस में लावारिस हालत में मिला।

आरोप है कि ससुराल वाले शव छोड़ कर भाग गए। एम्बुलेंस ड्राइवर ने बताया कि लड़की के ससुराल वाले शव भिजवा दिए हैं। मृतका के पिता ने कहा, कि सुबह से ससुराल वाले गुमराह कर रहे थे। सही जानकारी नहीं दे रहे थे। पुलिस ने मौत के कारणों को जानने के लिए शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। कौशाम्बी के संडवा विदाव गांव के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह किसान हैं।

उन्होंने बेटी रश्मि सिंह (23) की शादी पिछले माह 2 नवंबर को आदित्य प्रताप सिंह के साथ धूमधाम से की थी।आदित्य प्रयागराज में साई धाम अपार्टमेंट, राजरूपपुर में रहते हैं। मूलतः फतेहपुर के खागा के रहने वाले हैं। पिता महेंद्र प्रताप सिंह प्रयागराज में विजयीपुर ब्लॉक के प्रमुख रह चुके हैं। महेंद्र प्रताप सिंह का फतेहपुर में लक्ष्मी ब्रिक फील्ड्स ईंट-भट्ठा और मां शीतला पेट्रोल टंकी है। ससुराल वालों ने फोन पर सूचना दी कि रश्मि ने फांसी लगा ली है। गुरुवार सुबह रश्मि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 

ससुरालवालों ने पिता धर्मेंद्र को फोन पर सूचना दी कि रश्मि ने फांसी लगा ली है। उसे एसआरएन हॉस्पिटल ले जा रहे हैं। थोड़ी देर बाद रश्मि के घर वाले अस्पताल पहुंचे। बाद में ससुराल वालों ने रश्मि के घरवालों को दूसरी लोकेशन दी। लेकिन वहां भी न तो रश्मि मिली न ही उसके ससुराल वाले। 

आरोप है कि 4 घंटे तक ससुरालवाले लड़की के परिवार वालों को गुमराह करते रहे। आखिर में बताया कि रश्मि की बॉडी चौकी के सामने है। मायके वाले वहां पहुंचे तो एम्बुलेंस में रश्मि का शव था। रश्मि की मौत पर घर वालों ने हत्या आशंका जताते हुए कहा कि ससुराल वालों ने उनको को गुमराह किया। मौत के बाद ससुराल वालों ने हम लोगों को सही जानकारी नहीं दी। सुबह से दोपहर तक इधर उधर भटकाते रहे।   

संबंधित समाचार