Bareilly : बानखाना में गरजी नगर निगम की जेसीबी...जल निकासी रोक रहे अवैध निर्माण तोड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम ने शुक्रवार को बानखाना में बड़ी कार्रवाई की। क्षेत्र में सुबह से ही नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और नाले–नालियों पर बने अवैध कब्जों को ध्वस्त करना आरंभ कर दिया। नाले नालियों पर हुए अवैध कब्जे जल निकासी में बाधक बन रहे थे। इसकी तमाम शिकायतें निगम अधिकारियों के पास पहुंच रहीं थीं। निगम की कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई।

निगम की टीम सुबह करीब 11 बजे बानखाना पहुंची। टीम ने कार्रवाई को लेकर इलाके में तनाव उत्पन्न न हो इसके लिए थाना पुलिस को सूचना दे दी थी। इसके चलते इलाके में पुलिस फोर्स पहले से तैनात नजर आई। निगम के बुलडोजर ने नालों के ऊपर बने पक्के स्लैब, चबूतरे समेत अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में डेयरी संचालकों ने भी नालों पर कब्जा कर रखा था। इनको भी ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई को देखते हुए कई संचालक खुद ही सामान हटाने लगे।

इस दौरान निगम की टीम ने चेतावनी दी कि निगम संपत्ति पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। लगातार इलाके में अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान इलाके में खलबली मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और कई जगहों पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि पुलिस बल की तैनाती से भीड़ ने विरोध नहीं किया। इस दौरान निगम की टीम ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद कई स्थानों पर अतिक्रमण का चिह्नीकरण करके लाल निशान भी लगाए।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि जल निकासी में बाधक बनने वाले अवैध कब्जों को मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिक्रमण से जनता को समस्या होती है, इसलिए ये अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे बरसात के दिनों में आम जन को काफी राहत भी मिलेगी।

संबंधित समाचार