15 जनवरी से शुरू होगा श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान: चंपत राय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। अयोध्या में बनने वाले भव्य मंदिर के लिए देश भर से राम भक्तों का सहयोग लेने के लिए सूर्य के उत्तरायण होने के बाद 15 जनवरी से 27 फरवरी तक श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान चलाया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने …

नई दिल्ली। अयोध्या में बनने वाले भव्य मंदिर के लिए देश भर से राम भक्तों का सहयोग लेने के लिए सूर्य के उत्तरायण होने के बाद 15 जनवरी से 27 फरवरी तक श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान चलाया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राम मंदिर के निर्माण के लिए देश भर में हरेक राम भक्त का सहयोग लिया जाएगा और इसके लिए विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता संतों व शेष समाज के लोगों के साथ घर-घर जाएंगे। राय ने कहा कि आगामी मकर संक्रांति (15 जनवरी) से माघ-पूर्णिमा(27 फरवरी) तक चलने वाले इस सघन जनसंपर्क अभियान में लाखों विहिप कार्यकर्ता देश के चार लाख गांवों के 11 करोड़ परिवारों से संपर्क करेंगे। आर्थिक विषय में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए न्यास ने 10,100 तथा 1000 रुपए के कूपन एवं रसीदें छापी हैं। समाज जैसा देगा उसी के अनुरूप कार्यकर्ता कूपन या रसीद देंगे तथा करोड़ों घरों में भगवान के मंदिर का चित्र भी पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज स्वेच्छा से सहयोग करेगा क्योंकि काम भगवान का है और मन्दिर राम का है। भगवान के कार्य में धन बाधा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से रामत्व का प्रसार किया जाएगा। देश की हर जाति, मत, पंथ, संप्रदाय, क्षेत्र, भाषा के लोगों के सहयोग के साथ राम मंदिर वास्तव में एक राष्ट्र मंदिर का रूप लेगा।

राय ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश का कोई कोना नहीं छोड़ेंगे। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, अंडमान, निकोबार तथा कच्छ के रण से पर्वतीय क्षेत्रों तक सम्पूर्ण भारत में विहिप कार्यकर्ता पहुंचकर राम मंदिर का साहित्य देंगे तथा उनका सहयोग लेंगे।

संबंधित समाचार