हल्द्वानी: नए साल पर बुकिंग न होने से होटल संचालकों में निराशा
अमृत विचार,हल्द्वानी। कोरोना काल के चलते पहले ही होटल-रिसार्ट संचालकों को नुकसान उठाना पड़ा है। अब क्रिसमस और नए साल को लेकर उनमें थोड़ी बची उम्मीद थी वह भी उनकी आशाओं में पानी फेरता नजर आ रह है। होटल संचालकों के अनुसार इस बार पहले कोरोना अब किसान आंदोलन और कोरोना के दूसरे चरण के …
अमृत विचार,हल्द्वानी। कोरोना काल के चलते पहले ही होटल-रिसार्ट संचालकों को नुकसान उठाना पड़ा है। अब क्रिसमस और नए साल को लेकर उनमें थोड़ी बची उम्मीद थी वह भी उनकी आशाओं में पानी फेरता नजर आ रह है। होटल संचालकों के अनुसार इस बार पहले कोरोना अब किसान आंदोलन और कोरोना के दूसरे चरण के कारण पर्यटकों में थोड़ा भय व्याप्त है।
दिल्ली,महाराष्ट्र,हरियाणा के पर्यटक किसान आंदोलन की वजह से जाम व कोरोना के डर से बाहर नहीं निकलना चाह रहे। हालांकि तकरीबन पैंतीस प्रतिशत बुकिंग जरुर हुई हैं। मुक्तेश्वर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप दरम्वाल,सचिव सैय्यद फराज शाह ने बताया कि इस बार ऑनलाइन बुकिंग काफी कम हैं। पर्यटक जानकारी तो ले रहे हैं पर बुकिंग करवाने से परहेज कर रहे हैं। अमूमन पर्यटकों में नए साल में होने वाली बर्फबारी का काफी क्रेज रहता है मगर इस बार लोगों में क्रेज नहीं दिखाई दे रहा। उधर यही हाल भीमताल और नैनीताल के होटल संचालकों का भी है।
केएमवीएन गेस्ट हाउस को कोविड सेंटर से नहीं किया जा सका मुक्त
हल्द्वानी। जिले के रामनगर, सूखाताल,तल्लीताल,भवाली,भीमताल,नौकुचियाताल और काठगोदाम केएमवीएन गेस्ट हाउस का प्रशासन द्वारा अधिग्रहण किया गया था। इन गेस्ट हाउस को कोविड सेंटर बनाया गया था मगर अब जब संस्थागत क्वारंटाइन नहीं किया जा रहा है तो ऐसे में केएमवीएन को अधिग्रहण मुक्ति के आदेश का इंतजार है। क्रिसमस और नए साल पर इन गेस्ट हाउस को मुक्त नहीं किया गया तो कई पर्यटकों को मायूस लौटना पड़ेगा। बता दें कि केएमवीएन की अभी ऑनलाइन बुकिंग बंद हैं और जिलाधिकारी से इन गेस्ट हाउस को अधिग्रहण से मुक्त करने के लिए पत्र भी लिखा गया है लेकिन डीएम द्वारा इस मामले में कोई जवाब नहीं दिया गया है।
