बरेली: नगर निगम की टीम ने ध्वस्त कीं अवैध दुकानें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए कच्चे और पक्के अवैध निर्माण धवस्त कर दिए। करीब 40 दुकानों को एक के बाद एक जेसीबी से गिरा दिया गया। निगम की कार्रवाई को बिना सूचना दिए अतिक्रमण हटाने का आरोप …

बरेली,अमृत विचार। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क के किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए कच्चे और पक्के अवैध निर्माण धवस्त कर दिए। करीब 40 दुकानों को एक के बाद एक जेसीबी से गिरा दिया गया। निगम की कार्रवाई को बिना सूचना दिए अतिक्रमण हटाने का आरोप लगाते हुए दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके कारण टीम से कुछ दुकानदारों की नोकझोंक हो गई लेकिन टीम ने अतिक्रमणकारियों की एक न सुनी और लाठी फटकार कर उन्हें खदेड़ दिया। इसके चलते कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार अपना सामान समेटने लगे ताकि उनका सामान टीम जब्त न कर ले।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते बुधवार को नगर निगम प्रशासन मुस्तैद रहा है। अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने कोतवाली से जिला अस्पताल और एयरफोर्स से डेलापीर चौराहे होते हुए नैनीताल रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यहां काफी दिनों से रोड किनारे लगे खोखे, ढाबे और कच्चे-पक्के निर्माण को जेसीबी से धवस्त कर दिया गया। इसके बाद दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त किया गया। इसे लेकर विवाद भी कुछ जगहों पर हुआ।

अतिक्रमण प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना, प्रवर्तन दल के प्रभारी रिटायर कर्नल भोला सिंह, टीम प्रभारी जयपाल सिंह पटेल ने नेतृत्व में टीम ने नैनीताल रोड से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। टीम को देखते ही रोड पर फड़ लगाने वालों में भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने बाहर का सामान अंदर समेटना शुरू कर दिया। टीम को जो सामान हाथ लगा उसे जब्त कर लिया। इसके बाद टीम जिला अस्पताल रोड पहुंची। वहां अतिक्रमण हटाने को लेकर नोकझोंक भी हुई।

इसके बाद मिष्ठान दुकानदार को बाहर सामान न रखने की हिदायत दी गई। यहां दुकान के बाहर रखा सामान जब्त कर लिया गया। कुछ दुकानदार टीम के जिम्मेदार अफसरों के सामने खुद ही सामान हटाने के लिए हाथ जोड़कर गुहार लगाते हुए दिखे। इसके बाद टीम सौ फुटा, डेलापीर, एयरफोर्स रोड पर पहुंची। यहां सड़क के किनारे अतिक्रमण हटाया गया। टीम ने हिदायत दिया है कि अगर फिर अतिक्रमण हुआ तो नगर निगम पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखेगा।

बीडीए ने अवैध कालोनी ध्वस्त कराई

बड़ा बाईपास पर बीडीए ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बनाई जा रही कालोनी को धवस्त कर दिया है। निर्माणकर्ता को बीडीए ने कई बार नोटिस भी दिया था। प्राधिकरण क्षेत्र में अहमद खान द्वारा बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बड़ा बाईपास रोड पर करीब 10 बीघा भूमि में अवैध कालोनी का निर्माण किया जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर बीडीए की टीम ने जवाब मांगा लेकिन निर्माणकर्ता ने जवाब नहीं दिया। इसे देखते हुए बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने ध्वस्तीकरण का आदेश दे दिया। बुधवार को अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित, सहायक अभियंता अनिल कुमार, आरके चौधरी, प्रेम चन्द्र आर्या पहुंचे और अवैध कालोनी ध्वस्त कर दिया।

संबंधित समाचार