बरेली: रुविवि में मास्क न लगाने पर लगेगा 200 रुपये का जुर्माना
अमृत विचार, बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कोरोना से बचाव को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बिना मास्क विश्वविद्यालय परिसर में आने वाले छात्रों पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उसका आई कार्ड जब्त किया जाएगा। इसके अलावा बिना आईकार्ड के मिलने पर भी छात्र पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया …
अमृत विचार, बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कोरोना से बचाव को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बिना मास्क विश्वविद्यालय परिसर में आने वाले छात्रों पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उसका आई कार्ड जब्त किया जाएगा। इसके अलावा बिना आईकार्ड के मिलने पर भी छात्र पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बुधवार को प्लांट साइंस विभाग में आयोजित प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिए गए। बैठक में कोरोना के अलावा एंटी रैगिंग को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।रैगिंग रोकने के लिए सभी विभागों में पोस्टर चस्पा किए जाएंगे। एंटी रैगिंग स्कवॉयड बनाया गया है जो कक्षाओं व छात्रावासों में निगरानी करेगा।
विश्वविद्यालय में कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इसकी वजह से लगातार छात्रों की संख्या भी बढ़ती जा रही है लेकिन देखने में आया है कि कई छात्र बिना मास्क के विश्वविद्यालय में प्रवेश कर रहे हैं। चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्या सोमवार से प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ छात्रों की चेकिंग कर रहे थे और बिना मास्क लगाने वाले छात्रों को टोक रहे थे। सभी को 500 रुपये जुर्माने की चेतावनी दी जा रही थी। बुधवार को चीफ प्रॉक्टर जेनएन मौर्या ने डिप्टी चीफ प्रॉक्टर एके सिंह, समेत अन्य सभी सदस्यों के साथ बैठक की। मीडिया प्रभारी व प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य डा. अमित कुमार ने बताया कि बैठक में कोरोना, छात्रों, रैगिंग समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
यह निर्णय लिए गए
– सभी छात्र मास्क लगाकर ही विश्वविद्यालय परिसर में आएंगे। बिना मास्क आने पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा
– सभी विभागाध्यक्षों को छात्रों को आईकार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए
– बिना आईकार्ड छात्र के परिसर में मिलने पर 100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा
– कोविड की वजह से मेन गेट अभी बंद ही रहेगा, इसके अगले आदेश तक नहीं खोला जाएगा
– कक्षाओं में सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए 6 फिट की दूरी पर कुर्सी डाली जाएगी
– विभागाध्यक्षों को छात्रों को सैनेटाइजर उपलब्ध कराना होगा
– छात्रों के अलावा अन्य आगुंतकों को बैरियर पर ही रोक दिया जाएगा
– आगंतुक सिर्फ प्रशासनिक भवन तक ही जा सकेंगे, कैंटीन के आगे किसी को नहीं जाने दिया जाएगा
– प्रॉक्टोरियल बोर्ड को 6 सेक्टर में बांटा गया है
– पांच-पांच प्रॉक्टर को दिन के हिसाब से ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है
– यह प्रॉक्टर अपने जोन में छात्रों की चेकिंग करेंगे
