इकलौते बेटे ने माता-पिता की हत्या करके नदी में फेंके शव, काशी जाकर किया स्नान
अमृत विचार : इकलौते बेटे की करतूत से जौनपुर जनपद थर्रा गया। अहमदपुर गांव के अम्बेश कुमार ने अपनी मां बबिता देवी और पिता श्याम बहादुर की हत्या कर दी। दोनों के शव बोरे में भरकर गोमती नदी में फेंक आया।
माता-पिता के कत्ल के बाद काशी जाकर गंगा स्नान किया और फिर घर लौटकर दोनों के गुमशुदा होने का नाटक करने लगा। उसकी हरकतों पर पुलिस को संदेह हुआ। कड़ाई के साथ पूछताछ की तो अम्बेश ने माता-पिता की हत्या का घिनौना अपराध स्वीकार कर लिया। खुलासे के साथ पूरा गांव सन्न है।
घटनाक्रम, जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव का है। श्याम बहादुर रेलवे में लोको पायलट थे। चार महीने पहले ही रिटायर हुए। वैसे तो श्याम बहादुर मूलरूप से थाना गद्दी के खरसेनपुर गांव के रहने वाले थे-लेकिन अपनी ससुराल-अहदपुर गांव में ही बस गए।
अम्बेश की तीनों बहनों की शादियां हो चुकी हैं। घर में माता-पिता के साथ रहता था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि पैसों को लेकर माता-पिता के साथ झगड़ा हुआ। आवेश में आकर उसने पहले अपनी मां बबिता देवी के सिर पर सिलबट्टे से ताबड़तोड़ प्रहार किए-फिर इसी तरह पिता को मार डाला।
दोनों की लाशें बोरे में भरकर रखीं। घर से ख़ून साफ किया। बोरे में भरे शव ठिकाने लगाने निकला। गोमती नदी में लाशें फेंक दीं और फिर 9 दिसंबर को माता-पिता को खोजने का नाटक करने लगा। इसके बाद 12 दिसंबर को खुद भी गायब हो गया।
माता-पिता के साथ इकलौता भाई भी गायब है-ये जानकर बनारस में रहने वाली अम्बेश की बहन वंदना तड़प उठीं। वह जफराबाद थाने पहुंचीं और तीनों की गुमशदगी दर्ज कराई। मामला पेचीदा था, इसलिए तीन टीमें बनाकर पुलिस जांच में जुट गई।
जांच में पता चला कि अम्बेश बनारस में घूमते देखा गया। बाद में वह गांव के करीब मिल गया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और माता-पिता की हत्या की पूरी कहानी बताने लगा।
उसने बताया कि 8 दिसंबर की रात करीब 8 बजे दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। एएसपी सिटी के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। शवों की खोजा जा रहा है।
पांच साल पहले किया था प्रेम विवाह
अम्बेश ने पांच साल पहले कोलकाता की एक लड़की के साथ प्रेम विवाह किया था। इस हरकत से माता-पिता को धक्का लगा, लेकिन इकलौता बेटा होने के नाते सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी नहीं जता पाए। उसकी पत्नी कोलकाता में रहती है। माता-पिता से पैसे लेकर वह पत्नी के साथ कोलकाता शिफ्ट होना चाहता था। इसीलिए आए दिन कलेश करता था। जबकि माता-पिता बहू को पसंद नहीं करते थे।
पिता ने दिलाई थी कार-उसी में ले गया शव
पिता ने अम्बेश को जो कार दिलाई थी-हत्या करने के बाद उसी कार में शव रखकर वह नदी में फेंकने गया। गांव वाले उसकी इस हरकत से दर्द से भर गए। बहनें तड़प रही हैं।
ये भी पढ़े :
बस्ती में सड़क हादसा : अजमेर शरीफ जा रहे तीर्थयात्रियों की बस-ट्रक से टकराई, चार लोगों की मौत
