हर विधानसभा में भाजपा के 84 हजार वोट कट गये : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार लोगों के वोट कटवाने के लिए एसआईआर कर रही है। एसआईआर में आधार कार्ड नहीं माना जा रहा है। अब मुख्यमंत्री कह रहे है कि एसआईआर में चार करोड़ वोट कट गये। कटे वोट भाजपा के है। अगर चार करोड़ वोट कट गये है तो इस हिसाब से हर विधानसभा में भाजपा के 84 हजार वोट कट गये। भाजपा अभी से हार गयी।
सपा प्रमुख ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि जो दूसरों के लिए गड्डा खोदता है वह खुद उसी गड्डे में गिर जाता है। भाजपा के साथ यही होगा। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। निगेटिव सोचती है। दूसरों को नुकसान पहुंचाती है। भाजपा भगवान और महापुरुषों को सिर्फ नारे और स्लोगन तक रखती है। न तो उनके बताए रास्ते पर चलती है और न उनके विचारों पर चलती है। इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यूपी में इंडिया गठबंधन मजबूत है। हम गठबंधन को और मजबूत बनाएंगे। इंडिया गठबंधन में सवाल सीट का नहीं जीत का रहेगा। जो पार्टी भाजपा के खिलाफ सीट जीत सकती है, वह लड़ेगी। उसी को लड़ाया जायेगा। लोकसभा चुनाव में भी हमने ऐसा ही किया था। उसका परिणाम सामने रहा। भाजपा अब यूपी में दूसरे नम्बर की पार्टी है। भाजपा अयोध्या भी हार गयी।
इनसेट
मुख्यमंत्री को योगी नहीं कहेंगे अखिलेश यादव
अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी को आड़े हाथ लेते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि आज से संकल्प लेते हैं कि उन्हें बाबा नहीं कहेंगे और बाबा के साथ योगी नहीं कहेंगे, जो उनका नाम होगा वही कहेंगे’ । साथ ही भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पर बिना नाम लिए चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि जिनको हटा नहीं सकते, उनका कद घटाया जा रहा है ।
