महिलाओं सहित हजारों किसान सड़क पर... किसानों ने 14 सूत्री मांगों पर नगर निगम मुख्यालय घेरा
लखनऊ, अमृत विचार : 14 सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को किसानों ने नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। भारतीय किसान यूनियन (अरा.) लोकतांत्रिक, राष्ट्रीय संगठन के नेतृत्व में किसानों ने दोपहर में ही मुख्यालय परिसर में डेरा डाल दिया। मोके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त को किसानों ने नगर आयुक्त को संबोधित मांगों का ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्ष अमर सिंह लोधी के नेतृत्व में किसान मांगों पर नगर आयुक्त से वार्ता के लिए शाम तक अड़े रहे। उनका कहना था कि दीवाली से मांगों पर केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। किसानों की मुख्य मांगों में सभी ग्राम सभाओं के अंदर गली मोहल्ले में सड़क, पेयजल, लाइट और सीवर का निर्माण कराना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराना और ग्राम भैसोरा में नगर निगम द्वारा बिना नोटिस के खड़ी फसल व पेड़ नष्ट किये जाने का विरोध करना शामिल है।
