अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना,कहा- SIR के नाम पर सपा समर्थकों के काटे जा रहे वोट 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अखिलेश ने सीएम योगी से सवाल पूछा की बिना किसी आधिकारिक डेटा के मुख्यमंत्री यह कैसे कह सकते हैं कि चार करोड़ मतदाता सूची से हट गए।

लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए सपा के समर्थकों के वोट कटवाने के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं। मुख्यमंत्री जहां भी जा रहे हैं, वहां अधिकारियों को कमियां निकालकर सपा समर्थकों के वोट काटने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

सपा प्रमुख गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में विधानमंडल दल की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं हुआ है, फिर भी चार करोड़ वोट कटने की बात कही जा रही है। सवाल उठाया कि जब आंकड़े ही नहीं आए तो मुख्यमंत्री को यह जानकारी कैसे हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता और विधायक निजी कंपनियों के साथ मिलकर हेराफेरी कर रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर के बहाने वोट काटने की रणनीति पर काम कर रही है। लोगों से उनका मताधिकार छीना जा रहा है। रामपुर में एक मां पर एफआईआर दर्ज होना साजिश का प्रमाण है। भाजपा जनता के मुद्दों से डर गई है और सदन में चर्चा से बच रही है। उन्होंने नकली कफ सिरप घोटाले, बुलडोजर कार्रवाई, लोक सेवा आयोग में कथित घोटाले, बिजली निजीकरण और प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया।

सत्र में उठेंगी जनसमस्याएं

अखिलेश यादव ने कहा कि सपा के विधायक विधानसभा में महंगाई, बेरोजगारी, किसान, खाद संकट और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने बिहार में महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने की घटना को निंदनीय बताया और कहा कि ऐसा व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

 

संबंधित समाचार