लखनऊ में सपा प्रवक्ता हाउस अरेस्ट : CM नितीश और UP कैबिनेट मंत्री के खिलाफ करने जा रही थीं प्रदर्शन, 6 घंटे तक रही कैद 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के हिजाब हटाने और यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान पर राजधानी में विरोध प्रदर्शन हुआ। इसमें शामिल होने जा रही मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी व सपा प्रवक्ता सुमैया राणा को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। करीब छह घंटे तक उनको घर के बाहर नहीं निकलने दिया गया। पश्चिमी जोन की पुलिस ने घर के चारों तरफ घेराबंदी कर लिया था। सुमैया ने कहा कि वह विरोध प्रदर्शन करने जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने हमें घर से निकलते ही रोक लिया।

सपा प्रवक्ता सुमैया राणा ने मंगलवार को लखनऊ के केसरबाग थाने में नीतीश और संजय निषाद के खिलाफ तहरीर दी थी। जिसमें लिखा कि जिस देश में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। उस देश में महिला का नकाब हटा देना बहुत ही शर्मनाक घटना है। जिस तरीके से संजय निषाद ने यह बयान दिया कि सिर्फ नकाब ही तो हटाया है। कहीं और नहीं छुआ'' इससे इनकी मानसिकता जाहिर होती है। 

सुमैया ने कहा कि वह महिलाओ की आवाज उठाएंगी, सड़क पर लड़ाई लडेंगी। महिला विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। जब तक नीतीश कुमार और संजय निषाद माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सुमैया ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें कहा कि उनको छह घंटे से पुलिस ने बंधक बना कर रखा है। रिश्तेदारी में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। उसके अंतिम यात्रा में भी शामिल होने के लिए नहीं जाने दिया। कब तक बंधक बनाकर रखेंगे इस सवाल का जवाब पुलिसकर्मी नहीं दे रहे हैं।

ये भी पढ़े : 
राजधानी में 4 नए कॉरीडोर... जाम की समस्या से निपटने के लिए CMP तैयार, कम समय में तय कर सकेंगे अधिक दूरी

संबंधित समाचार