ट्रेड को लाइसेंस शुल्क में लाने पर भड़के व्यापारी, आज करेंगे प्रदर्शन... लखनऊ व्यापार मंडल ने महापौर को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: जिम, स्पा, कोचिंग, शोरूम समेत 20 ट्रेड को लाइसेंस शुल्क के दायरे में लाए जाने के विचार पर व्यापारी भड़क उठे। लखनऊ व्यापार मंडल के नेतृत्व में अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र और चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल के साथ व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने महापौर सुषमा खर्कवाल से मिलकर ज्ञापन सौंपा।

व्यापारी नेताओं ने कहा कि नगर निगम कई ट्रेड को लाइसेंस शुल्क के दायरे में ला रहा है। उन्होंने महापौर को याद दिलाया कि पिछले वर्ष जब यह प्रस्ताव लाया गया था, सांसद राजनाथ सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के हस्तक्षेप से इसे वापस लिया गया था। 13 सितंबर 2024 को नगर निगम की कार्यकारिणी में इसे पारित किया गया था, जबकि अपर नगर आयुक्त के बयान के अनुसार सदन से इसे पास नहीं किया गया। महापौर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर संगठन शनिवार को अपराह्न 12 बजे से नगर निगम मुख्यालय लालबाग में धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री अनुराग मिश्र, रामशंकर राजपूत समेत कई नेता मौजूद रहे। यहियागंज युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष कुश मिश्र और वरिष्ठ महामंत्री समीर जैन के नेतृत्व में दवा व्यापार मंडल, टूरियागंज व्यापार मंडल, पांडेयगंज व्यापार मंडल ने बाजार में विरोध यात्रा भी निकाली।

इसे लेकर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडेय, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता, संगठन मंत्रीसंदीप साहू एवं महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव प्राची पाण्डेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम का यह निर्णय पूरी तरह व्यापारी-विरोधी, अव्यवहारिक और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। इसे तत्काल रोका जाए।

संबंधित समाचार