Moradabad: क्रिसमस की खुशियों में डूबे लोग, चर्चों में प्रार्थना और घर-घर कैरल्स की गूंज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। क्रिसमस पर्व नजदीक आते ही महानगर में उल्लास बढ़ गया है। ईसाई समुदाय के लोग परंपरा के अनुसार इन दिनों घर-घर जाकर कैरल्स गीत गा रहे हैं। बच्चों और युवाओं की टोलियां प्रभु यीशु मसीह के जन्म से जुड़े मधुर गीतों के माध्यम से प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दे रही हैं। कैरल्स गीतों की मधुर धुनें गलियों और मोहल्लों में गूंज रही हैं, जिससे पूरा शहर क्रिसमस की खुशियों में रंगता नजर आ रहा है।

क्रिसमस को लेकर चर्चों में भी विशेष तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर के सातों चर्चों को आकर्षक और भव्य रूप से सजाया जा रहा है। टाउन हॉल स्थित ओल्ड मेथोडिस्ट चर्च, दांग चर्च, एंथोनी चर्च, द साल्वेशन चर्च, सैंटपाल चर्च सहित सभी चर्चों में क्रिसमस डे के आयोजन को लेकर सजावट और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चर्चों में प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन को लेकर प्रार्थनाओं के साथ-साथ बच्चे और बड़े समूहों में धार्मिक गीतों का अभ्यास कर रहे हैं। मेथोडिस्ट चर्च की ओर से भी विशेष रूप से बच्चों की टोलियां बनाई गई हैं, जो प्रभु यीशु मसीह से जुड़े गीत प्रस्तुत करते हुए घर-घर जा रही हैं। इन गीतों के माध्यम से लोग एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दे रहे हैं और पर्व की खुशियों को साझा कर रहे हैं।

24 दिसंबर की आधी रात को प्रभु यीशु मसीह के जन्म को स्मरण करते हुए विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए चर्चों में झांकियां भी तैयार की जा रही हैं, जिनमें यीशु मसीह के जन्म से जुड़े दृश्य दर्शाए जाएंगे। इन झांकियों को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह है। मेथोडिस्ट चर्च के पास्टर ब्रजेश मैंशल ने बताया कि क्रिसमस डे से कई दिन पहले ही कैरल्स गीतों की शुरुआत हो जाती है। उन्होंने कहा कि चर्चों को सजाने और प्रार्थना सभाओं की तैयारियां चल रही हैं।

फेस मास्क और सजावटी लाइटें खूब बिक रही
क्रिसमस पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। टाउनहॉल, ताड़ीखाना, बाजार गंज, मंडी चौक, जीएमडी रोड और कोर्ट रोड बाजार में क्रिसमस से जुड़ी सामग्रियों की खरीदारी तेज हो गई है। दुकानों पर सफेद और हरे रंग के क्रिसमस ट्री, सेंटा क्लॉज की वेशभूषा, रंग-बिरंगे बाल, सेंटा क्लॉज की दाढ़ी-मूंछ, फेस मास्क और सजावटी लाइटें खूब बिक रही हैं। बच्चों के लिए खिलौने और सजावटी सामान भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं।

संबंधित समाचार