Bareilly : गोरखपुर और अयोध्या के बाद प्रदेश में सबसे ठंडा रहा बरेली का दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले के लोगों को ठंड से अभी राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हो गए। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब छह डिग्री तक लुढ़क गया। गोरखपुर और अयोध्या के बाद प्रदेश में सबसे ठंडा दिन बरेली का रहा। मौसम विभाग ने 2 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। घने कोहरे की वजह से बरेली एयरफोर्स पर दृश्यता शून्य और जिले में 30 मीटर रिकॉर्ड की गई।

शुक्रवार रात से पड़ना शुरू हुआ घना कोहरा शनिवार सुबह और दोपहर में जारी रहा। दोपहर 3:30 बजे सूरज के हल्के दर्शन हुए लेकिन बादलों की वजह से धूप नहीं खिल सकी। दिनभर धूप न खिलने से ठंड में लोग परेशान हो गए। दिनभर सर्द हवा चलने से गलन बढ़ गई। दिनभर शीत दिवस जैसे हालात बने रहे। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

अधिकतम तापमान में 24 घंटे में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, हालांकि यह सामान्य से अधिक रहा। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 5 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा। सुबह के समय वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर रफ्तार थमी नजर आई। मौसम विभाग ने दो दिन घने कोहरे का ओरेंज और पांच दिन येलो अलर्ट जारी किया है।

संबंधित समाचार