Kanpur Weather : कोहरे के आगोश में शहर, नहीं खिली धूप, पहाड़ी हवाओं ने गिराया दिन का तापमान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। यूपी के कानपुर में रविवार को कोहरे ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया। कोहरे के असर से सुबह शहर के कई स्थानों पर दृश्यता शून्य हो गई। मौसम विशेषज्ञों ने 3 जनवरी तक शहर में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज किए जाने से इनकार नहीं किया है। शहर में कोहरे की वजह मौसम विशेषज्ञ पश्चिमी विक्षोभ को मान रहे हैं।

शहर में भोर से ही कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। सुबह जब लोग अपने घरों से निकले तो कोहरे और बदलों ने विकराल रूप दिखाया। इसके चलते लोगों ने खुद को घरों में कैद रखा। छुट्टी होने के चलते शहर की सड़कों पर भी दोपहर तक काफी कम वाहन दिखाई पड़े। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को लाइट जलाकर स्पीड कम कर सतर्कता के साथ वाहन चलाना पड़ा।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि शहर में रविवार को न्यूनतम पारा 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में कोहरा व बादल होने के चलते अधिकतम तापमान में सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों के बाद दिन में शहरवासियों को ठिठुरन भरी सर्दी का सामना करना पड़ा है। 

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक नमी के कारण धुंध और बदल के साथ कोहरा रह सकता है लेकिन दिन में नरम धूप रहने की भी संभावना है। कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश में रात, दिन के तापमान में उतार चढ़ाव रहने के साथ  रात, सुबह, शाम और अब दिन में भी गलन रहेगी। प्रदूषण और शाम और सुबह धुंध भी नमी के कारण बनी रहेगी, घना से घना कोहरा भी पड़ने की संभावना है।    

ऐसे रखे सेहत का ख्याल

सर्दियों में चिकित्सक बच्चों व बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. मनमीत सिंह ने बताया कि सर्दियों में बच्चों को विटामिन डी की खुराक दें, क्योंकि सर्दियों में धूप कम होती है। इसके अलावा बच्चों को पौष्टिक आहार देना चाहिए। भोजन में फल, सब्जियां और साबुत अनाज को शामिल करना चाहिए। गर्म पेय पदार्थ में दूध और सूप को शामिल करना चाहिए। बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए। 

इसी तरह बुजुर्गों को गर्म कपड़े खासतौर पर कान और सिर को विशेषरूप से ढककर रखना चाहिए। गर्म पेय पदार्थ में चाय, कॉफी और सूप को शामिल करना चाहिए। इसके अलावा नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना चाहिए खासकर अगर उन्हें कोई पुरानी बीमारी है। बुजुर्गों को पौष्टिक आहार जैसे कि फल, सब्जियां और साबुत अनाज देना चाहिए।

संबंधित समाचार