फर्जीवाड़ा : स्टूडेंट वीजा पर विदेश भेजने का करना था खेल, बना दी विवि की फर्जी वेबसाइट, बीटेक पास युवक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की फर्जी वेबसाइट बनाने वाले बीटेक पास आरोपी को बारादरी और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। आरोपी साथी के साथ फर्जी कागजात, मार्कशीट बनवाकर युवाओं को फर्जी स्टूडेंट वीजा तैयार करके विदेश भेजने के नाम पर ठगी करते थे। आरोपी के पास से लैपटॉप और अन्य सामान बरामद हुआ है। उसका रामपुर निवासी साथी फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कोऑर्डिनेटर डॉ. अख्तर हुसैन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की आधिकारिक बेवसाइट की नकल करते हुए नकली वेबसाइट www.mjpru.org.in बनाकर विभिन्न सूचनाएं एवं सामग्री अपलोड की जा रही हैं, जिससे छात्रों, अभिभावकों व जनसाधारण में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी रुहेलखंड, साइबर सेल प्रभारी एवं उनकी टीम ने फर्जी वेबसाइट की डोमेन प्रोवाइडर कंपनी हॉस्टिंजर से लिंक की डिटेल प्राप्त की। 

कंपनी ने जो लिंक और मोबाइल नंबर दिया, उसका धारक सुजय रॉय पुत्र सुकुमार रॉय निवासी संजयनगर, खेडा निकट बसंती मन्दिर, थाना ट्रांजिट कैंप (रुद्रपुर) जनपद ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका दूसरा साथी धर्मेन्द्र कुमार मौके से फरार हो गया। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडे ने बताया कि मुख्य आरोपी सुकुमार रॉय को जेल भेज दिया गय है, जबकि उसके फरार साथी धर्मेन्द्र कुमार निवासी कनकपुर, थाना खजुरिया जनपद रामपुर की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।

संबंधित समाचार