सर्दी का सितम: सुबह से छाया घना कोहरा, चली शीत लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। सर्दी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है, सुबह से घना कोहरा छाया रहा जिस के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ सेंकते नजर आए। दोपहर बाद सूरज और बादलों के बीच आंख मिचौनी होती रही। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे की चादर ने सड़कों को अपनी आगोश में ले रखा है जिससे वाहनों की रफ्तार सुस्त रही।

सुबह से शाम तक कोहरा छाया रहा और शीत लहर चलती रही। पहाड़ों पर बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों में सर्दी का सितम बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने तीन दिन तक सर्दी राहत नहीं मिलने की आशंका जता रहे है। कोहरा होने के कारण हाईवे पर वाहन धीमी रफ्तार से चले। शाम ढले लोगों ने घरों की राह पकड़ ली, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसर गया। ज्यादा दिक्कत उन किसानों को उठानी पड़ी जो सुबह कोहरे में गन्ना कटाई करने खेतों पर पहुंचे। 

कुछ रोडवेज बसों में टूटे शीशे होने के कारण यात्रियों का सर्दी से बुरा हाल हो गया। शाम होते ही फिर से सर्दी बढ़ने के कारण लोग अपने-अपने घर में दुबक गए और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. उदय प्रताप शाही ने बताया कि 3 दिन तक शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। शीतलहर की तीव्रता अगले 2 दिन ज्यादा रहने की संभावना है। 

हाल-ए-मौसम
अधिकतम तापमान- 17 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 8 डिग्री सेल्सियस
आद्रता- 62 प्रतिशत
वायु वेग- 8 किमी. प्रतिघंटा

 

संबंधित समाचार