Lucknow News: बेहोशी के डॉक्टर छुट्टी पर, बीआरडी अस्पताल में ऑपरेशन ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सिर्फ सिजेरियन की सुविधा, अन्य मरीजों को भेजा जा रहा दूसरे अस्पताल

करीब एक माह से समस्या बरकरार, नहीं मिल रहा दूसरा डॉक्टर

लखनऊ, अमृत विचार : महानगर स्थित भाऊराव देवरस (बीआरडी) अस्पताल में बेहोशी के डॉक्टर के छुट्टी पर चले जाने से ऑपरेशन ठप हो गए हैं। मरीजों को ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। फिलहाल केवल सिजेरियन ऑपरेशन हो रहे हैं, जिसके लिए दूसरे अस्पताल से बेहोशी के डॉक्टर को ऑन कॉल बुलाया जा रहा है। अस्पताल में करीब एक महीने से समस्या बनी है।

बीआरडी अस्पताल में 100 बेड की सुविधा है। यहां रोजाना ओपीडी में करीब एक हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल की ओटी में प्रतिदिन मेजर और माइनर मिलाकर 10 से अधिक ऑपरेशन होते थे। वर्तमान में अस्पताल में केवल एक ही बेहोशी के डॉक्टर पुनर्नियुक्ति पर तैनात हैं, जिनका कार्यकाल भी समाप्ति की ओर है। बताया जा रहा है कि यह डॉक्टर करीब एक माह से छुट्टी पर हैं। उनके अवकाश पर जाने के बाद से अस्पताल में सभी प्रकार के सामान्य ऑपरेशन बंद हो गए हैं। मजबूरी में बीआरडी प्रशासन अन्य सरकारी अस्पतालों से बेहोशी के विशेषज्ञ डॉक्टर को ऑन कॉल बुलाकर सिजेरियन ऑपरेशन करा रहा है।

कई दिन बीतने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग इस अस्पताल में बेहोशी के डॉक्टर की तैनाती या संबद्धता नहीं कर सका है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीआरडी अस्पताल के सीएमएस डॉ. रंजीत ने बताया कि बेहोशी के डॉक्टर की तैनाती के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। फिलहाल सिजेरियन ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पताल से ऑन कॉल डॉक्टर बुलाकर काम चलाया जा रहा है।

 

संबंधित समाचार