Moradabad: दुकानदारों के विरोध और विधायक के हस्तक्षेप पर रेलवे की टीम बैरंग लौटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे की जमीन पर बसे दुकानदारों को हटाने के लिए सोमवार को रेलवे के अधिकारी सुरक्षा दल के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे। प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी भी कानून व्यवस्था बनाने के लिए मौके पर गए। वहीं दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे मामला न्यायालय में होने का बैनर लगा कर रेलवे की कार्रवाई के विरोध में खड़े हुए। गहमागहमी के बीच नगर विधायक रितेश गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से वार्ता की। उनके हस्तक्षेप के बाद रेलवे की टीम वापस लौटी।

कुछ दिन पहले रेलवे प्रशासन ने दुकानों के आगे लाल निशान लगा दिया था। जिसको लेकर दुकानदार अपनी रोजी रोटी बचाने के लिए विरोध पर उतरे। दुकानदारों का कहना है कि चार दशक से वह यहां दुकान चला रहे हैं। दुकान हटने से वह बेरोजगार हो जाएंगे। जिससे उनके और उनके परिवार को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ेगी। वही रेल प्रशासन इन दुकानों के चलते इस रोड पर आए दिन जाम लगने की समस्या को समाप्त करने की पहल की जा रही है।

शुक्रवार को तीन दिन का अंतिम अवसर की समय सीमा रविवार को पूरा होने के बाद सोमवार को रेलवे का अमला दुकानदारों को हटाने पहुंचा। दुकानदारों ने अपनी बात फिर दोहराई कि दुकानें हटने से उनकी रोजी रोटी खत्म हो जाएगी। गहमा गहमी के बीच मौके पर नगर विधायक भी पहुंच गए। उन्होंने रेलवे व प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद टीम वापस लौट गई। लेकिन मौके पर अभी तनाव की स्थिति है। दुकानदारों का कहना है कि रेलवे की टीम कभी भी पहुंच सकती है।

 

संबंधित समाचार