Bareilly: नए साल पर किया हुड़दंग तो पुलिस करेगी इलाज...एसएसपी ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी की जारी
बरेली, अमृत विचार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मंगलवार को नए साल पर न सिर्फ ट्रैफिक एडवाइजरी की बल्कि खुराफातियों को चेतावानी देते हुए कहा कि किसी ने भी रंग में भंग डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को अपने कार्यालय में मीडिया से बात की उन्होंने कहा कि सड़क पर किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमानुसार सभी लोग नववर्ष का जश्न मनाएं। लेकिन अगर कोई सड़कों को बाधित करेगा या फिर दूसरे की परेशान करके जश्न मनाएंगे तो किसी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। नव वर्ष पर तमाम कार्यक्रम शहर में आयोजित होंगे, जिनके आयोजनकर्ताओं को थानाध्यक्षों के माध्यम से बता दिया गया है कि उनके कार्यक्रम में किसी भी तरह की हुड़दंग नहीं होनी चाहिए। समस्या होने पर सीधा पुलिस से संपर्क करें।वहीं एसएसपी ने बताया कि नव वर्ष के चलते 31 दिसंबर को नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए नो एंट्री सुबह आठ बजे से रात 2 बजे तक लागू रहेगी।
ये है डायवर्जन प्लान
-बदांयू से बरेली की ओर आने वाले भारी वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज,फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर,बड़ा बाईपास होते हुये ट्रांसपोर्टनगर तक आ सकेगें।
-बदांयू की तरफ से लखनऊ व शाहजहांपुर एवं पीलीभीत की तरफ जाने वाले वाहन देवचरा चौराहे सेदातागंज, फतेहगंज पूर्वी होते हुये बड़े बाईपास से अपने गन्तव्य को जायेगें।
-लखनऊ,शाहजहांपुर की तरफ से बदांयू की ओर जाने वाले भारी वाहन फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा चौराहा,भमौरा होते हुये बदांयू जायेगें।
-पीलीभीत,नैनीताल की तरफ से बदांयू की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास,फरीदपुर,फतेहगंज पूर्वी,दातागंज, देवचरा चौराहा,भमौरा होते हुये बदांयू जायेगें।
-दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर की ओर से बदांयू जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास फरीदपुर,फतेहगंज पूर्वी, दातागंज,देवचरा चौराहा,भमौरा होते हुये बदांयू जायेगें।
-लखनऊ, शाहजहांपुर की तरफ से दिल्ली,रामपुर, मुरादाबाद को जाने वालेभारी वाहन फतेहगंज पूर्वी बड़ा बाईपास, विलयधाम, विल्वा, झुमका तिराहा होते हुये अपने गन्तव्य को जायेगें।
-थाना प्रभारी सीबी गंज-झुमका तिराहे पर, थाना प्रभारी इज्जतनगर- विलवा, विलयधाम व लालपुर गांव कट पर, थाना प्रभारी बिथरीचैनपुर- नवदिया झादा, इन्वर्टीस तिराहे पर, थाना प्रभारी कैन्ट- बुखारा मोड़ पर, थाना प्रभारी सुभाषनगर- रामगंगा तिराहे पर पर्याप्त पुलिस बल की डयूटी लगाकर भारी वाहनों का निर्धारित समय अवधि में शहर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित करायेगें।
