लखनऊ में ठगी का खेल : दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री कर ठगे 2.80 लाख, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार : रियल एस्टेट कंपनी स्टेलियन इंफ्रावेटर ने प्लॉट दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 2.80 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपी ने दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री कर दी। कब्जा करने के लिए पीड़ित पहुंचा तो ठगी का पता चला। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के आदेश पर निगोहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

बलिया के ग्राम चचया मनिकई नगरा निवासी राजीव कुमार यादव ने बताया कि जुलाई 2024 में वे लखनऊ में प्लॉट खरीदने के इच्छुक थे। इसी दौरान उन्हें हजरतगंज के सप्रू मार्ग स्थित स्टेलियन इंफ्रावेटर प्राइवेट लिमिटेड का पता चला। संपर्क करने पर उनकी मुलाकात कंपनी के डॉयरेक्टर राहुल श्रीवास्तव निवासी वाराणसी से हुई। बातचीत के दौरान पीड़ित ने ग्राम सिर्स में हजार वर्गफीट का प्लॉट बुक कराया। पीड़ित ने 2.80 लाख रुपये दिए। अगस्त माह में पीड़ित के नाम पर रजिस्ट्री कर दी गयी।

कुछ समय बाद पीड़ित जमीन पर कब्जा लेने पहुंचा तो ग्रामीणों ने विरोध किया। पता चला कि आरोपी राहुल ने दूसरे की जमीन दिखाकर ठगी की है। पीड़ित ने संपर्क किया तो आरोपी ने दूसरी जमीन दिलाने का आश्वासन दिया। छानबीन करने पर पता चला कि आरोपी राहुल ने कई लोगों के साथ ठगी की है। पीड़ित ने डीसीपी साउथ से मामले की शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राहुल श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें : Jharkhand Visit : जन सांस्कृतिक समागम में बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू- आदिवासी समुदाय के विकास के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण

संबंधित समाचार