भारतीय रेल : Rail One से टिकट करें बुक, पायें 3 प्रतिशत की छूट
लखनऊ, अमृत विचार : यात्रियों को काउंटर की कतारों से बचाने और डिजिटल माध्यम से जोड़ने के लिए भारतीय रेल ने अहम फैसला लिया है। जिसके तहत रेल वन ऐप से टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी। खास बात यह है यह छूट सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों (यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड आदि) से भुगतान करने पर मिलेगी।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया है कि रेलवन (Rail One) ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट रेल यात्रियों को मिलेगी। रेलवे का यह फैसला यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करेगा। वर्तमान में रेल वन ऐप पर आर-वॉलेट (R-Wallet) के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा प्रदान की जा रही है।
अब इस सुविधा को और विस्तार देते हुए RailOne ऐप के माध्यम से सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। यह छूट R-Wallet के अतिरिक्त अन्य सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू होगी।
यह विशेष प्रोत्साहन योजना 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, यदि यात्री रेलवन ऐप पर आर-वॉलेट के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करते हैं, तो पूर्ववत व्यवस्था के अनुसार उन्हें 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा मिलती रहेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग कर सुविधा का लाभ उठाएं और कैशलेस एवं सुगम यात्रा को बढ़ावा दें।
यह भी पढ़ें : Jharkhand Visit : जन सांस्कृतिक समागम में बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू- आदिवासी समुदाय के विकास के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण
