ट्रॉमा सेंटर से मरीज शिफ्ट करने का सनसनीखेज मामला: निजी आयुर्वेद कॉलेज के दलाल की चैट वायरल, CMO ने दिए जांच के आदेश
लखनऊ, अमृत विचार : गोमतीनगर विस्तार स्थित एक निजी आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के बिचौलिए जरिए मरीजों की कथित खरीद-फरोख्त किए जाने का मामला सामने आया है। इससे जुड़ी मेसेज चैट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में सक्रिय निजी आयुर्वेद कॉलेज के एजेंटों का सिंडीकेट मरीजों को बहलाकर निजी आयुर्वेद कॉलेज ले जा रहा है। एक एजेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर उप मुख्यमंत्री को एक्स पर शिकायत की गई थी। शिकायत में निजी आयुर्वेद कॉलेज के एजेंट और दलाल के बीच मेसेज चैट का जिक्र है। चैट में वेंटिलेटर पर भर्ती मरीज के बदले 50 हजार रुपये और ऑक्सीजन पर भर्ती मरीज के बदले 35 हजार रुपये देने की बात लिखी होने का दावा है। सूरज कश्यप ने मामले में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की है।
नर्सिंग होम के नोडल अधिकारी डॉ. एपी सिंह ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत की जांच कराई जा रही है। मेसेज चैट और इससे जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जाएगी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने कहा मरीजों की खरीद-फरोख्त मसले में निजी कॉलेज में लगे आरोप सही मिले तो कार्रवाई की संस्तुति होगी। निजी कॉलेज के एजेंट पर नकेल कसने के लिए पुलिस को पत्र भेजा जाएगा। उधर, बाबू युगराज सिंह आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के मैनेजर इंद्रजीत पाल ने कहा कि जिसकी मैसेज चैट वायरल हुई है वह हमारे संस्थान में नहीं है। हमारे यहां किसी तरह के मरीजों की खरीद-फरोख्त का काम नहीं किया जाता है, आरोप बेबुनियाद हैं।
