नए साल पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं ध्यान दें: राम मंदिर से हनुमानगढ़ी तक, जानिए सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन के सटीक समय
अयोध्या: अयोध्या में नए वर्ष की शुरुआत धार्मिक उल्लास के साथ हो रही है। शहर में लाखों भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है, सड़कों पर 'जय श्री राम' के नारे गूंज रहे हैं और मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। राम मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन का अनुमान है कि 1 जनवरी को 4 से 10 लाख तक श्रद्धालु अयोध्या पहुंच सकते हैं। भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि हर भक्त को आसानी से प्रभु के दर्शन हो सकें।
यदि आप भी परिवार के साथ नए साल पर अयोध्या दर्शन के लिए आ रहे हैं, तो पहले इन प्रमुख मंदिरों के खुलने-बंद होने के समय जरूर जान लें। इससे आपका समय बचेगा और दर्शन सुगम होंगे।
श्री राम जन्मभूमि मंदिर
बालक राम नए साल पर भक्तों को विशेष श्रृंगार में दर्शन देंगे। सोने का मुकुट और पीतांबर धारण किए रामलला सुबह 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक दर्शन देते रहेंगे। भारी भीड़ में भी सुचारू दर्शन के लिए 10 अलग-अलग लाइनें बनाई गई हैं, जिससे एक श्रद्धालु करीब 7 मिनट तक प्रभु के समक्ष रुक सकता है।
हनुमानगढ़ी मंदिर
अयोध्या की प्रसिद्ध सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी, जहां माता अंजनी की गोद में बाल हनुमान विराजमान हैं, सबसे पहले खुलने वाला मंदिर है। यहां सुबह 4:00 बजे मंगला आरती के साथ द्वार खुल जाते हैं और रात 10:00 बजे तक निरंतर दर्शन चलते हैं। नए साल पर यहां भी 2 किलोमीटर तक लंबी कतारें लगने की संभावना है।
कनक भवन
माता कैकई द्वारा माता सीता को मुंह-दिखाई में दिए गए इस प्राचीन और भव्य कनक भवन में दर्शन का समय दो भागों में होता है:
- सुबह 7:00 बजे से दोपहर 11:00 बजे तक
- शाम 4:00 बजे से रात 10:00 बजे तक
दशरथ महल
राजा दशरथ का यह ऐतिहासिक महल, जहां पूरा राम परिवार एक साथ विराजमान है, राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के बीच स्थित है। यह आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां सुबह 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक लगातार दर्शन उपलब्ध रहते हैं।
अयोध्या आने से पहले इन समयों को नोट कर लें, ताकि आप बिना किसी परेशानी के सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर सकें। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
