दस महीनों में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय तस्करी से लेकर सात करोड़ की अवैध शराब तक... जानें सब कुछ

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : आबकारी विभाग ने बीते दस महीनों में अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान आठ अलग-अलग मामलों में कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 64 हजार लीटर से अधिक विदेशी मदिरा बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब सात करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ सहित अन्य राज्यों से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब लखनऊ के रास्ते बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर गठित टीमों ने लखनऊ क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब की आठ बड़ी खेपें पकड़ीं।

छापेमारी के दौरान राहुल कुमार सिंह, शिखर कुमार मल्ल, अभिषेक कुमार सिंह, प्रदीप कुमार भारती, कृष्ण कुमार सिंह विजय, राम श्याम त्रिपाठी, सच्चिदानंद पांडे, मोनिका यादव, विवेक सिंह, रजनीश प्रताप सिंह और अरविंद पाल बघेल सहित कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई है।

अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग की करीब 15 टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। नए वर्ष को देखते हुए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं। रेस्टोरेंट, बार, अधिकृत शराब दुकानों, मॉल आदि में निरंतर जांच की जा रही है। अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर तत्काल विधिक कार्रवाई कर रही है।

— करूणेन्द्र सिंह, जिला आबकारी विभाग

संबंधित समाचार