Bareilly : युवती से मारपीट मामले में अब माई बार हेडक्वार्टर के मैनेजर पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना क्षेत्र के सेटेलाइट पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित माई बार हेडक्वार्टर रेस्टोरेंट में युवती से अभद्रता कर मार-पीट के मामले में आबकारी विभाग बैकफुट पर आ गई है। वहीं, सेटेलाइट चौकी पर तैनात दरोगा महावीर सिंह ने बार के मैनेजर नितेश चौहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने लकी दीप, शिवम, अमन राय और जसदीप को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।
सेटेलाइट चौकी पर तैनात दरोगा महावीर सिंह के मुताबिक 25 दिसंबर की रात क्रिसमस के मौके पर माई बार हेडक्वार्टर रेस्टोरेंट में अनुमति के बिना तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। आसपास के लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया। रेस्टोरेंट मैनेजर दुर्गानगर निवासी मैनेजर नितेश कुमार को थाने बुलाकर डीजे बजाने की अनुमति दिखाने को कहा गया। इस पर नितेश अनुमति नहीं दिखा सका। नितेश को पहले भी पुलिस हिदायत दे चुकी थी। बारादरी पुलिस ने नितेश के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियम व बीनएस की धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल बवाल वाली रात युवती के साथ अभद्रता की गयी और विरोध पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया था। मामले में पुलिस ने युवती की तरफ से रौनित, सलोनी पटेल, ध्रूव राय, अमन राय, चिराग गुप्ता और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
लाइसेंस रद्द करने की तैयारी में आबकारी विभाग
रेस्टोरेंट में देर रात शराब परोसी जा रही थी। शराब के कारण ही रेस्टोरेंट में हुड़दंग हो रहा था। इसके बाद नशे में ही युवकों ने युवती पर हमला कर दिया। शराब परोसने का मामला आबकारी विभाग से जुड़ा था, इसलिए आबकारी विभाग की टीम रेस्टोरेंट पहुंची थी। आबकारी विभाग ने रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस भी दिया है। बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग की तरफ से लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।
प्राइवेसी के नाम पर अश्लीलता का इंतजाम
शहर से लेकर बड़ा बाईपास पर स्थित रेस्टोरेंट और ढाबो में प्राइवेसी के नाम पर अश्लीलता करने का पूरा इंतजाम किया गया है। शहर में कई ऐसे ढाबे और रेस्टोरेंट हैं, जहां प्राइवेसी उपलब्ध कराने के लिए केबिन की सुविधा दी जा रही है। इन केबिन में अनैतिक काम हो रहे हैं। बड़ा बाईपास पर मौजूद कई बडे़ ढाबे वाले बांस के केबिन बनाकर अनैतिक और अश्लील कामों को बढ़ावा दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बड़ा बाईपास पर स्थित ढाबों में केबिन देकर प्रतिदिन हजारों रुपये की कमाई की जा रही है। केबिन में नाबालिग से लेकर स्कूली छात्र छात्राएं तक जाते हैं।
