बरेली: विधि की परीक्षा में छात्रनेता समेत दो नकलची पकड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। विधि की परीक्षाओं में नकल पर रोक नहीं लग पा रही है। परीक्षा के दूसरे दिन बरेली कॉलेज में एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्र नेता समेत दो नकलची पकड़े गए। एक परीक्षार्थी के पास कई नकल की पर्चियां, तो छात्र नेता के पास मॉडल पेपर के पन्ने मिले हैं। छात्र …

बरेली,अमृत विचार। विधि की परीक्षाओं में नकल पर रोक नहीं लग पा रही है। परीक्षा के दूसरे दिन बरेली कॉलेज में एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्र नेता समेत दो नकलची पकड़े गए। एक परीक्षार्थी के पास कई नकल की पर्चियां, तो छात्र नेता के पास मॉडल पेपर के पन्ने मिले हैं। छात्र नेता ने सिटिंग प्लान बदलकर भी नकल करने का प्रयास किया। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर के साथ भी उसकी कहासुनी हो गई। बरेली कॉलेज प्रशासन ने दोनों से यूएफएम फार्म भरवाए हैं, जिन्हें विश्वविद्यालय भेज दिया गया है। बुधवार को भी मॉडल पेपर ले जाते दो छात्रों को पकड़ा गया था।

17 दिसंबर को एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर और बीए एलएलबी चतुर्थ और अष्टम सेमेस्टर की परीक्षा थी। बरेली कॉलेज में वाणिज्य विभाग में परीक्षाएं करायी जा रही हैं। नकल रोकने के लिए इस तरह से सिटिंग प्लान बनाया गया है, जिसमें एक छात्र बरेली कॉलेज और दूसरा छात्र दूसरे कॉलेज का बैठाया गया है। इससे सबसे ज्यादा छात्रनेता परेशान हैं।

गुरुवार को कॉलेज में टीम के द्वारा छात्रों को चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया। चेकिंग के दौरान कोरोना की वजह से ढिलाई बरती जा रही है। इसी वजह से नकलची आसानी से नकल अंदर ले जा रहे हैं। पेपर शुरू हो जाने के बाद टीम ने कक्षों में जाकर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक छात्र को तमाम नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया। उसने कापी के बीच में पर्चियां छिपा रखी थीं। पेपर से संबंधित पर्चियां होने की वजह से उसकी कॉपी जब्त कर दूसरी कॉपी दी गई। बाहर निकालकर उसकी तलाशी भी ली गई और उसके बाद यूएफएम फार्म भरवाया गया। उसके बाद दूसरे कक्ष में एक छात्र नेता ने सिटिंग प्लान चेंज करा रखा था।

चीफ प्रॉक्टर ने जब सिटिंग प्लान चेक किया तो गड़बड़ी मिली। इस पर उन्होंने परीक्षक से भी नाराजगी जाहिर की। उसके बाद छात्र नेता का सिटिंग प्लान सही किया गया। यहां तक कि उसकी चीफ प्रॉक्टर से कहासुनी हो गई। इस समय उसने चीफ प्रॉक्टर का उपहास भी उड़ाया। वह कह रहा था कि वह अपनी मर्जी से बैठेगा। छात्र नेता की वजह से अन्य छात्रों को दिक्कत न हो, इसके चलते टीम वहां से निकल गई। लेकिन बाद में उसकी निगरानी की गई। परीक्षा छूटने से आधा घंटा पहले उसके पास से मॉडल पेपर के कई सारे पन्ने मिले। वह डेस्क पर खुलेआम पन्ने रखकर नकल कर रहा था। नकल पकड़े जाने पर उसने हंगामा किया। जिसके बाद प्राचार्य भी मौके पर पहुंच गए। नकल पकड़े जाने के चलते उसकी भी कापी बदल दी गई और उससे भी यूएफएम फार्म भरवाया गया।

खराब थर्मल गन से चेकिंग
परीक्षा के दौरान कोरोना नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश हैं, लेकिन बरेली कॉलेज में इन निर्देशों का पालन नहीं हो पा रहा है। परीक्षार्थी बिना मास्क के ही परीक्षा देने पहुंच रहे हैं। चेकिंग के दौरान सैनेटाइजर तो रखे हैं, लेकिन खानापूर्ति हो रही है। इसके अलावा थर्मल गन से तापमान भी चेक किया जा रहा है। गुरुवार को जिस थर्मल गन से तापमान चेक किया जा रहा था, वह खराब थी।

संबंधित समाचार