बफीर्ली हवा से कांपा मुरादाबाद, पारा पहुंचा 4 डिग्री
मुरादाबाद,अमृत विचार। ठंड का मुरादाबाद में नया रिकार्ड बना। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकर ठंड से राहत नहीं दे पाई। लोग दिन में भी कांपते रहे। शाम के बाद मौसम और डरावना हो गया। रात में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस सीजन में ठंड का यह नया …
मुरादाबाद,अमृत विचार। ठंड का मुरादाबाद में नया रिकार्ड बना। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकर ठंड से राहत नहीं दे पाई। लोग दिन में भी कांपते रहे। शाम के बाद मौसम और डरावना हो गया। रात में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस सीजन में ठंड का यह नया रिकार्ड है। मौसम विभाग ने अभी दो दिनों तक किसी प्रकार की राहत से इंकार किया है।
प्रशासन ने ठंड में जरूरतमंदों को ठहरने के लिए शहर में 11 सेल्टर होम खोला है। नगर निगम का दावा है कि शहर के सभी सार्वजनिक स्थान पर अलाव का प्रबंध कर दिया गया है, जबकि जिला अस्पताल, महिला थाना के गेट, रेलवे स्टेशन, रोडवेज के आसपास लोग कांपते नजर आये। सामाजिक स्तर पर ठंड के राहत के लिए अलाव जलाने वाले अभी आगे नहीं आए हैं।
तीखी ठंड की वजह से शहर से लेकर देहात तक लोग परेशान दिखे। शहर की ओर मजदूरी करने आने वालों की संख्या पर भी इसका प्रभाव दिखा। शहर के हरथला मंडी, लाइनपार के प्रकाश नगर, करूला और पीलीकोठी पर मजदूरों की संख्या कम दिखी। शाम होते ही कोहरे की चादर से सड़कें लिपटने लगीं। दोपहिया वाहनों से लेकर अन्य साधनों में यात्रा करने वाले कांपते दिखे।
शनिवार तक खूब कंपायेगा मौसम, संभल कर रहें
मुरादाबाद। मौसम की बेहरमी से अभी राहत नहीं मिलने वाली है। शनिवार तक मौसम का यही हाल रहेगा। दिन के 11 बजे धूप तो निकलेगी, लेकिन सूर्य की रोशनी गर्मी का एहसास नहीं करा पाएगी। ऐसा पहाड़ की बर्फबारी और राजस्थान की ओर से आनी वाली सूखी हवा की वजह से होगा। 19 दिसंबर तक इससे राहत की उम्मीद नहीं है। यानी कि अभी दो दिनों तक मौसम सामान्य जनजीवन के लिए खतर बना रहेगा। पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय में मौसम विज्ञान विभाग के प्रभारी डा.आरके सिंह कहते हैं कि उत्तर पश्चिम से आनी वाली हवा से कोहरे का माहौल बना हुआ है। पहाड़ में बर्फ पड़ रहा है। इसलिए अभी धूप हल्की ही रहेगी। दो से तीन दिन तक मध्यम कोहरा बना रहेगा। हाल के दिनों में सामान्य तापमान में करीब पांच डिग्री तक की गिरावट आ गयी है। बुधवार और गुरुवार से मौसम और खतरनाक बना रहा। बुधवार को पंतनगर में मौसम न्यूनतम 2.6 डिग्री तक पहुंच गया था। गुरुवार को इसमें कुछ बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी। अभी मौसम में कोई राहत नहीं मिलने वाली है।

प्रदूषण में कोलकाता को टक्कर दे रहा शहर
मुरादाबाद। कड़ाके की ठंड ने देश में प्रदूषण की रफ्तार घटा दी है लेकिन, मुरादाबाद इस संकट से उबर नहीं पा रहा है। सच तो यह है कि शहर के हवा की खराबी कोलकाता के बराबर पहुंच गयी है। कभी दिल्ली और एनसीआर इस मामले में पहले से चर्चा में थे। अब इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। हवा में भारी तत्वों की अधिकता से यहां लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहाहै। कोहरा और ठंडी हवा के बीच गुरुवार को यहां की एक्यूआई भी 256 दर्ज की गयी। यह सूचकांक रेड जोन मे आता है। यानी कि हवा की गुणवत्ता के मामले में मुरादाबाद में खतरा कम नहीं हुआ है। हिंदू कालेज में बाटनी विभाग की अध्यक्ष और मौसम विज्ञानी डा.अनामिका त्रिपाठी का कहना है कि इस अंचल में अभी खतरा कम नहीं होने वाला है। कोहरा और ठंड के सीजन में हवा आकाश की ओर आसानी से नहीं उड़ पाता। ठंडी हवा भारी होती है, इसलिए जब तक वर्षा नहीं होगी तब तक हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं है। यह सीजन पर्यावरण प्रदूषण के लिए खतरनाक माना जाता है।
जिला अस्पताल में बुखार व जुकाम के मरीज बढे़
मुरादाबाद। ठंड में मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज बढ़ गये हैं। जिलाअस्पताल में रोजाना औसत दो से तीन हजार मरीज आ रहे हैं जिसमें 60 फीसदी ठंड की वजह से बीमार पाए गए। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा.राजेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम का ज्यादा असर बच्चों पर पड़ रहा है। बताया कि जिस तेजी के साथ लगातार पारा गिर रहा है, उससे सचेत होने की जरूरत है। नेत्र सर्जन, फिजीशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ के कक्ष में रोगियों की भीड़ हो रही है।

मंडल में कोहरे ने रोक दी 25 ट्रेनों की रफ्तार
कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा हुआ है। गुरुवार को भी 25 से अधिक ट्रेनें कोहरे के कारण बाधित रही। बुधवार की रात एक बजे तक अधिकांश मार्गों पर घना कोहरा छाया रहा। गुरुवार सुबह कोहरे की स्थिति और भयानक हो गई। 20 मीटर दूर तक भी साफ नजर नहीं आ रहा था। जिसके चलते ट्रेन चालक को रास्ता दिखाई देना बंद हो गया। घने कोहरे वाले स्थान पर ट्रेन और मालगाड़ी की गति सौ किलोमीटर प्रतिघंटा से घटकर 50-60 किलो मीटर प्रति घंटा कर दी गई। वहीं जहां भी कोहरे का थोड़ा कम असर था, वहां ट्रेनों की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई। गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक मुरादाबाद से गुजरने वाली 28 ट्रेनों और मालगाड़ियों का संचालन दो से ढ़ाई घंटे तक बाधित रहा। स्टेशन अधीक्षक अवध अस्थाना ने बताया कि कोहरे के कारण गुरुवार को कोलकाता से अमृतसर जा रही 02357 ट्रेन करीब ढाई घंटे, डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी दो घंटे, अमरनाथ एक्सप्रेस 02505 आधा घंटा, अवध आसाम एक्सप्रेस 05909 के अलावा अमृतसर से न्यूजलपाई गुड़ी 04654 भी देरी से संचालित हुई।

रोडवेज बसों के टूटे शीशे, हवा से ठिठुर रहे यात्री
रोडवेज बसों में सफर में यात्री ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं। प्रबंधन बिना शीशों की बसों को लोकल और लंबे रूटों पर संचालित कर रहा है, जबकि पुरानी बसों के शीशे खड़खड़ा रहे हैं। कोहरे के साथ ही गलन बढ़ने से लोगों की कपकंपी छूट रही है, लेकिन, परिवहन निगम ने अभी तक बसें दुरुस्त नहीं की हैं। कुछ बसों की खिड़कियों से शीशे गायब होने से सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शीशों की रबड़ खराब होने से पूरे सफर में शीशे खड़खड़ा रहे हैं। निजी बसों में भी खिड़कियों के शीशे खराब होने के कारण लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। आलम यह है कि पीतलनगरी सहित अन्य डिपो के तहत लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में यात्री मुंह ढंककर सफर कर रहे हैं। चालकों को भी मफलर या मास्क लगाकर बसें चलानी पड़ रही हैं। लोग बिना शीशे की बसों में सफर कर ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं।
बसों के शीशे टूटे होना गंभीर विषय है। यह संभव नहीं की खराब बसें रूटों पर भेजी जा रही हों। सभी डिपो को वर्कशॉप से बसें चेक करने के बाद भी रूट पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। -अतुल जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक
