Bareilly: नैनीताल में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर पांच लाख ठगे
बरेली, अमृत विचार। नैनीताल में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर पांच ठगों ने एक युवक को पांच लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेन्द्रनगर निवासी आलोक सक्सेना ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान सिविल लाइन्स निवासी आनन्द गुप्ता से हुई थी। आनन्द गुप्ता ने अपने साथियों मोहन सिंह रुतेजा, आसिम और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर नैनीताल में अपार्टमेंट प्रोजेक्ट चलाने का दावा किया। सस्ते दाम में शानदार फ्लैट का लालच देकर आरोपियों ने पहले भरोसा जीता। 19 मार्च 2025 को आनन्द गुप्ता ने पीड़ित को अपने घर बुलाया।
वहां मौजूद सभी आरोपियों ने मिलकर 35 लाख रुपये में नैनीताल में दो बीएचके फ्लैट देने का सौदा तय किया। बुकिंग के नाम पर पांच लाख रुपये टोकन मनी की मांग की गई। पीड़ित ने मोहन सिंह रुतेजा के नाम ढाई-ढाई लाख रुपये के दो चेक दे दिए, जो 21 मार्च को बैंक से क्लियर हो गए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने न तो बुकिंग की कोई रसीद दी और न ही फ्लैट से जुड़ा कोई दस्तावेज।
शक होने पर जब पीड़ित नैनीताल में बताए गए पते पर पहुंचा तो वहां न कोई अपार्टमेंट मिला और न ही किसी तरह का निर्माण कार्य चलता दिखा। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया तो वे टालमटोल करने लगे। 20 दिसंबर 2025 को जब पीड़ित अपने रुपये वापस मांगने आनन्द गुप्ता के घर पहुंचा तो वहां उसके साथ बदसलूकी की गई। आरोपियों ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसे भगा दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
