रामपुर : समायोजन के खिलाफ शिक्षकों का बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

जिले में 117 शिक्षकों का एक विद्यालयों में किया समायोजन

रामपुर, अमृत विचार। 117 शिक्षकों के समायोजन प्रक्रिया के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी संख्या में शिक्षक बीएसए कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि कार्यालय को ठेके पर और रात में संचालित किया जा रहा है। रिलीव बाबू को कार्यालय में कार्य करते देख शिक्षकों का गुस्सा भड़क गया।

शिक्षकों का आरोप है कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को 117 शिक्षकों का समायोजन किया गया, जिसकी सूचना शिक्षकों को नहीं दी गई। आरोप है कि शिक्षकों को बिना जानकारी दिए उसी दिन पोर्टल पर रिलीव एवं ज्वाइन भी दर्शा दिया गया। इस समायोजन के खिलाफ शिक्षक शुक्रवार को बीएसए कार्यालय पहुंचे। बीएसए से वार्ता करने का प्रयास किया, किंतु शिक्षकों की संख्या अधिक होने के कारण बीएसए कार्यालय नहीं पहुंचीं। इसके बाद शिक्षक कलेक्ट्रेट गए और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इसके पश्चात शिक्षक पुनः बीएसए कार्यालय लौटे। जहां उन्हें जानकारी मिली कि समायोजन से संबंधित सभी कार्य रिलीव बाबू ने एक निजी कर्मी के साथ मिलकर किया है, जबकि वो दो माह पूर्व बीएसए कार्यालय से रिलीव हो चुके हैं।

शिक्षकों का आरोप है कि समायोजन प्रक्रिया मनमाने ढंग से की गई है, जिससे शिक्षक परेशान हों और उनका आर्थिक शोषण किया जा सके। शिक्षकों ने समायोजन आदेश को निरस्त कर नियमानुसार पारदर्शी तरीके से पुनः समायोजन किए जाने की मांग की है। इस दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल, जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता, अंजुम स्नेही सक्सेना, महेंद्र प्रताप सिंह, सतीश गिरोह, भानु प्रताप सिंह, रश्मि शर्मा, कुलसुम परवीन, गुड्डो देवी, अनीता, शीतल, राजेश कुमार, अरशद अली, आनंद पाल सिंह, इंद्र सिंह, प्रियंका सक्सेना, ज्ञान सक्सेना, रुचि गुप्ता, निधि सक्सेना समेत काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

संबंधित समाचार