प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा विधायक श्यामबिहारी लाल के निधन पर शोक जताया
नई दिल्ली, अमृत विचार : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक श्यामबिहारी लाल के निधन पर शुक्रवार को शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “लाल जन कल्याण के प्रति समर्पित भाजपा नेता थे और उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। दुख की इस घड़ी में, उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।”
दरअसल, शुक्रवार को विभिन्न योजनाओं और कानून व्यवस्था के संबंध में बरेली स्थित सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह बैठक कर रहे थे। इस बैठक में फरीदपुर के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल भी शामल थे, बैठक के बाद जब डॉ. श्याम बिहारी लाल कक्ष से बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक वह लड़खड़ा कर गिर पड़े। उन्हें तत्काल पीलीभीत रोड स्थित मेडिसिटी हॉस्पिटल (हायर सेंटर) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्रारम्भिक जांच की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, भर्ती किए जाने तक विधायक की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। उन्हें वेंटीलेटर पर भी रखा गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। डॉ. श्याम बिहारी के निधन की सूचना मिलते ही बरेली से लेकर फरीदपुर और लखनऊ तक शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने फरीदपुर (बरेली) से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिये भी अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए लिखा कि मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
