BBD League: इन टीमों के खिलाडियों ने दिखाया अपना दम, मैच जीतकर स्कोर बोर्ड पर हासिल किये पूरे अंक
लखनऊ, अमृत विचार : 21वीं बाबू बनारसी दास सी-डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में सीएसडी सहारा क्रिकेट अकादमी, गुरुकुल क्रिकेट क्लब, मेहता क्रिकेट क्लब, आर्या क्रिकेट अकादमी और संदीप क्रिकेट अकादमी ने अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक हासिल किए।
ट्रम्फ स्टारलेट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर खेले गए मुकाबले में सीएसडी सहारा क्रिकेट अकादमी बीकेटी ने ट्रम्फ स्टारलेट्स क्रिकेट क्लब को 190 रनों के विशाल अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसडी सहारा ने 271 रन बनाए, जबकि जवाब में ट्रम्फ स्टारलेट्स की टीम मात्र 81 रन पर सिमट गई। विजयी टीम की ओर से इजहार फैजी खान ने छह विकेट लिए।
डॉ. अखिलेश दास स्टेडियम में गुरुकुल क्रिकेट क्लब ने लखनऊ क्रिकेट फाउंडेशन को 57 रनों से मात दी। गुरुकुल ने पहले खेलते हुए 167 रन बनाए, जबकि लखनऊ क्रिकेट फाउंडेशन की टीम 110 रन पर ढेर हो गई। गुरुकुल के अजीत यादव ने 18 रन बनाने के साथ दो विकेट भी लिए।
ब्लेज विलो गोसाईगंज मैदान पर मेहता क्रिकेट क्लब ने ध्रुव स्पोर्ट्स प्रमोशन ग्रुप को 99 रनों से शिकस्त दी। मेहता के 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ध्रुव स्पोर्ट्स टीम 74 रन पर आउट हो गई। मेहता की ओर से वत्सल सिंह ने चार विकेट झटके।
टॉस क्रिकेट ग्राउंड पर आर्या क्रिकेट अकादमी ने रैकॉन स्पोर्ट्स क्लब को छह विकेट से हराया। रैकॉन द्वारा बनाए गए 183 रन का लक्ष्य आर्या ने हासिल कर लिया। विजयी टीम से अरमान रऊफ ने 91 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। पार्थ रिपब्लिक ग्राउंड पर संदीप क्रिकेट अकादमी ने लखनऊ स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 215 रनों से करारी शिकस्त दी।
संदीप अकादमी ने सात विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए, जबकि लखनऊ स्पोर्ट्स की पूरी टीम केवल 49 रन पर सिमट गई। सलमान अली ने 46 गेंदों में नाबाद 107 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। गेंदबाजी में अभिषेक सोनी ने चार और उत्कर्ष दुबे ने तीन विकेट लिए।
